बॉलीवुड पश्चिम की नकल कर रहा है: चिन्नी प्रकाश

प्रकाश कहते हैं, "मैं दोबारा निर्देशन करना चाहूंगा। वास्तव में मेरे दिमाग में कुछ अच्छी पटकथाएं हैं। मैं उन्हें लिखने की प्रक्रिया में हूं। एक बार जब मैं उन्हें लिख लूंगा और अपनी वर्तमान परियोजनाएं पूरी कर लूंगा तो निर्देशन शुरू करूंगा।" उन्होंने 1997 में आयशा जुल्का और इंदर कुमार अभिनीत 'घूंघट' का निर्माण कर नृत्य निर्देशन से निर्देशन की दुनिया में कदम रखा था।
हाल ही में उन्हें फिल्म 'जोधा अकबर' में 'अजीम-ओ-शान शहंशाह' गीत के लिए सर्वश्रेष्ठ नृत्य निर्देशक का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। प्रकाश नृत्य निर्देशकों में रचनात्मकता और भारतीयता की कमी महसूस करते हैं। वह कहते हैं, "आजकल गानों में जिस तरह का नृत्य निर्देशन हो रहा है उसमें भारतीयता बिल्कुल नहीं होती और मुश्किल से ही कोई रचनात्मकता होती है।"
उनका कहना है कि भारतीय संस्कृति बहुत व्यापक और समृद्ध है फिर भी समझ नहीं आता कि लोग इसे प्रोत्साहित क्यों नहीं कर रहे हैं। प्रकाश यह भी मानते हैं कि फिल्मोद्योग में नृत्य निर्देशकों को उचित सम्मान नहीं मिलता है।


Click it and Unblock the Notifications











