4 नेशनल अवार्ड जीत चुके आर्ट डायरेक्टर, पैसों की तंगी की वजह से लगा ली फांसी! ये था आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट

Nitin Desai Suicide: जाने माने आर्ट डायरेक्टर नितिन देसाई ने खुदकुशी कर इस दुनिया को अलविदा कर दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कर्जत में स्थित अपने एनडी स्टूडियो में रात में 3.30 बजे उन्होंने फांसी लगा ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उनके असामयिक निधन की खबर से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। बता दें, महाराष्ट्र के विधायक महेश बाल्दी ने मीडिया को बताया कि वह आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। उन्होंने कहा कि उनकी आत्महत्या की वजह ये हो सकती है। वहीं, कुछ रिपोर्ट्स में ये भी बताया जा रहा है कि वो डिप्रेशन से जूझ रहे थे।
ये था आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट
इंस्टाग्राम पर उनकी आखिरी पोस्ट अनिल कपूर और मनीषा कोइराला अभिनीत '1942: ए लव स्टोरी' के 29 साल पूरे होने के जश्न के बारे में थी। अपने आधिकारिक इंस्टा हैंडल पर फिल्म का एक पोस्टर साझा करते हुए, नितिन देसाई ने कैप्शन दिया था, "आपकी पसंदीदा प्रेम कहानी की कहानी को 29 साल पूरे हो गए हैं।"
'1942: ए लव स्टोरी' का निर्देशन विधु विनोद चोपड़ा ने किया था। फिल्म में जैकी श्रॉफ, अनुपम खेर, डैनी डेन्जोंगपा और अन्य भी थे। यह फिल्म साल 1994 में रिलीज हुई थी।
4 बार नेशनल अवार्ड के रहे विजेता
बता दें, नितिन देसाई ने 'हम दिल दे चुके सनम', 'देवदास', 'जोधा अकबर' और 'लगान' सहित कुछ ब्लॉकबस्टर फिल्मों के लिए भव्य सेट डिजाइन किए थे। डॉ बाबासाहेब अम्बेडकर, लगान, देवदास और हम दिल दे चुके सनम के लिए उन्हें नेशनल अवार्ड से भी सम्मानित किया गया था। इसके अलावा उन्होंने स्वदेस, मिशन कश्मीर, प्रेम रतन धन पायो समेत 180 से ज्यादा फिल्मों में बतौर आर्ट डायरेक्टर काम किया है। उनकी आखिरी फिल्म 2019 में आई 'पानीपत' थी, जिसका निर्देशन आशुतोष गोवारिकर ने किया है।


Click it and Unblock the Notifications












