एंथोनी के बाद अर्जुन बनेंगे निखिल
अपने समय की बेहतरीन तथा युवा वर्ग को आंदोलित करने वाली राहुल रवैल की फिल्म “अर्जुन" का रिमेक बनने जा रहा है. इस फिल्म का निर्माण शिवम नायर करने वाले हैं.
गौरतलब है कि सन्नी देओल द्वारा निभाया गया जुंझारू युवा का किरदार निखिल द्विवेदी निभाने वाले हैं. यदि आपने निखिल को न पहचाना हो तो हम बता दें कि निखिल ई. निवास की फिल्म “माय नेम इज़ एंथोनी गोंसाल्विस" से फिल्मी दुनिया में कदम रख रहे हैं.
इस फिल्म को लेकर निखिल काफी उत्साहित हैं. शाहरूख खान की तरह बनने का सपना देखने वाले निखिल के लिए अभी काफी लंबा सफर है, जो उन्हें तय करना है. मगर वह जुटे हैं अपनी मंज़िल पाने में. यूं तो ई. निवास की फिल्म के अलावा उनके पास दो और फिल्में हैं जिनके बारे में बात करना वह जल्दबाज़ी कहते हैं. मगर इस फिल्म को लेकर वह इतने अधिक उत्साहित है कि बिना हिचकिचाए बता दिया.
शिवम नायर, जो इन दिनों अष्टविनायक के बैनर तले गुज़राती नाटक “महारथी" को आधार बनाकर फिल्म का निर्माण कर रहे हैं, से फिल्म “अर्जुन" के रिमेक को लेकर बात की तो उन्होंने कहा “ हां यह सच है कि मैं इस फिल्म का निर्माण कर रहा हूं.
दरअसल इस फिल्म का आइडिया मुझे निखिल ने दिया. फिलहाल मैं पवन के साथ मिलकर इसकी कहानी को आज के अनुसार लिख रहा हूं तथा संवाद अदायगी का काम मैंने अनुराग कश्यप को सौंपा है.“
साथ ही उन्होंने यह भी कहा “इस फिल्म के सारे अधिकार शाहरूख खान की रेड चिलीस एंटर्टेन्मेंट के पास हैं सो अभी इस बारे में अधिक कहना जल्दबाज़ी होगी.“ शिवम नायर भले ही इस बारे में अभी कुछ न कह रहे हों मगर हम इतना जानते हैं कि निखिल द्विवेदी एंथोनी के बाद अर्जुन के रूप में नज़र आने वाले हैं.


Click it and Unblock the Notifications