तीन दिन में 'न्यूयार्क' ने 35 करोड़ कमाए
पिछले कुछ समय से सूखा झेल रहे बॉक्स आफिस पर यश राज फिल्म्स की बैनर तले बनी महत्वाकांक्षी फिल्म 'न्यूयार्क' के कारण बहार आ गई है। कबीर खान द्वारा निर्देशित इस फिल्म ने इस सप्ताहांत कुल 35 करोड़ रुपये की कमाई कर जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है।
'न्यूयार्क' को बीते शुक्रवार को एक साथ दुनिया भर में प्रदर्शित किया गया था। इस फिल्म की कहानी तीन दोस्तों पर आधारित है, जिनकी जिंदगी 9/11 के आतंकी हमले के बाद पूरी तरह बदल गई। फिल्म में जान अब्राहम, कैटरीना कैफ, नील नीतिन मुकेश और इरफान खान ने मुख्य भूमिका अदा की है।
'न्यूयार्क' को पूरी दुनिया के 900 सिनेमाघरों में एक साथ प्रदर्शित किया गया है। शुक्रवार से ही इस फिल्म के लिए टिकट खिड़की पर जबरदस्त भीड़ देखी जा रही है।
भारत में सफलता के झंडे गाड़ने के अलावा इस फिल्म ने अमेरिका, ब्रिटेन और संयुक्त अरब अमीरात में भी अच्छा व्यवसाय किया है।
अमेरिका में यह फिल्म 60 सिनेमाघरों में प्रदर्शित की गई है जबकि ब्रिटेन में 40 और यूएई में 30 सिनेमाघरों के जरिए यह फिल्म दर्शकों तक पहुंच रही है।


Click it and Unblock the Notifications