नेटफ्लिक्स पर अभी अचानक रिलीज़ हो गई है कृति सैनन की फिल्म मिमी, ये है कारण
कृति सैनन की फिल्म मिमी, नेटफ्लिक्स पर इस शुक्रवार को रिलीज़ होने वाली थी लेकिन फैन्स अभी से ही ये फिल्म देख रहे हैं। क्योंकि अचानक, शाम सात बजे नेटफ्लिक्स और जियो सिनेमा ने कृति सैनन की फिल्म मिमी रिलीज़ कर दी है और आप इसे इन दोनों प्लेटफॉर्म पर अभी से देख सकते हैं। दरअसल, 27 जुलाई को कृति सैनन का जन्मदिन है।
कृति के जन्मदिन के मौके पर नेटफ्लिक्स और जियो सिनेमा ने कृति सैनन के फैन्स को ये उपहार दिया है। हर कोई अचानक मिमी देखकर चौंक गया है और फैन्स, कृति का जन्मदिन मनाने से पहले उनकी फिल्म रिलीज़ होती देख काफी खुश हैं।

हालांकि, सूत्रों की मानें तो फिल्म रिलीज़ से चार दिन पहले ही लीक हो गई थी और यही कारण था कि आनन फानन में फिल्म को रिलीज़ करना पड़ा। कारण चाहे जो भी हो लेकिन फैन्स तो बस कृति सैनन का परम सुंदरी अवतार देखकर ही खुश हैं। फिल्म में कृति सैनन एक सरोगेट मां की भूमिका में दिखाई दे रही हैं।

बॉलीवुड में आठवां साल
कृति सैनन ने हीरोपंती के साथ अपना फिल्म डेब्यू किया था और हाल ही में उनके करियर को सात साल पूरे हो चुके हैं। कृति सैनन का मानना है कि एक्टर के तौर पर इतने 2014 से अब तक वो काफी बदल चुकी हैं। उन्होंने काफी कुछ सीखा है और खुद को लगातार बेहतर बनाने की कोशिश की है।

पहली बार बनीं बॉक्स ऑफिस स्टार
कृति ने 2019 से बॉक्स ऑफिस पर अपनी सफल फिल्मों की धमाकेदार शुरूआत की थी कार्तिक आर्यन के साथ रोमांटिक कॉमेडी फिल्म लुका छिपी के साथ। मार्च 2019 में आई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई की और कृति और कार्तिक के करियर को भी नई दिशा दी।

केवल बड़े बैनर के नाम
कृति ने अपने करियर की शुरूआत से ही बड़े बैनर को तरजीह दी है। साजिद नाडियाडवाला के प्रोडक्शन से डेब्यू करने के बाद उन्होंने रोहित शेट्टी की दिलवाले में काम किया। इसके बाद कृति ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। धर्मा प्रोडक्शन्स की कलंक में ऐरा गैरा नत्थू खैरा पर ठुमके लगाती दिखीं। फिल्म में कृति के इस गेस्ट अपीयरेंस ने काफी तारीफें बटोरीं, भले ही फिल्म ना चली हो।

अक्षय कुमार का मिला साथ
कृति ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार एंट्री की हाउसफुल 4 के साथ। फिल्म में वो अक्षय कुमार के अपोज़िट दिखाई दीं और उनकी कॉमिक टाईमिंग ने दर्शकों का दिल जीता और अक्षय के साथ उनकी जोड़ी को सराहा गया। यूं तो कृति, अक्षय के साथ सिंह इज़ ब्लिंग में काम करने वाली थीं लेकिन ये फिल्म उन्होंने दिलवाले के लिए छोड़ दी थी।

2020 में करने थे धमाके
कृति सैनन के लिए 2020 काफी दिलचस्प होने वाला था। पहली बात तो ये कि वो सलमान खान की फिल्म कभी ईद कभी दीवाली करने वाली थी। इसके अलावा, कृति सैनन मीमी की शूटिंग कर रही थीं। इस फिल्म में वो एक सरोगेट मां की भूमिका में दिखाई देने वाली थीं। लेकिन लॉकडाउन के बाद सब कुछ अधर में लटक गया है।

प्रोजेक्ट्स में बिज़ी
अगर अभी के प्रोजेक्ट्स की बात करें तो कृति सैनन एक तरफ, वरूण धवन के साथ अरूणाचल प्रदेश में भेड़िया की शूटिंग कर रही थीं। वहीं दूसरी तरफ अक्षय कुमार के साथ बच्चन पांडे की शूटिंग लॉकडाउन के पहले ही पूरी कर चुकी हैं।

रिलीज़ को तैयार फिल्में
वहीं कृति सैनन की मीमी और राजकुमार राव के साथ उनकी फिल्म हम दो हमारे दो, पूरी हो चुकी हैं और रिलीज़ का इंतज़ार कर रही हैं। कृति का नाम आने वाले कुछ बड़े प्रोजेक्ट्स के साथ भी जोड़ा जा रहा है। इसके बाद वो टाईगर श्रॉफ की गणपत में दिखाई देंगी।

अफवाहों पर भी एक नज़र
अफवाहों की मानें तो ऋतिक रोशन की कृष 4 के लिए राकेश रोशन के दिमाग में हीरोइन के तौर पर कृति सैनन का नाम काफी समय से है। हालांकि, फिल्म को लेकर ही फिलहाल कोई पुष्टि नहीं हुई है ऐसे में हीरोइन का नाम महज़ अफवाहें ही होंगी।

रहना है तेरे दिल में सीक्वल
जैकी भगनानी, 20 साल बाद रहना है तेरे दिल में सीक्वल प्लान कर रहे हैं और फिल्म की हीरोइन के लिए कृति सैनन का नाम तय हो चुका है। फिल्म के हीरो के तौर पर विकी कौशल दिखाई दे सकते हैं। बस अब कृति को बड़े परदे पर देखने का इंतज़ार है!

आदिपुरूष की सीता
सबसे ज़्यादा उत्साहित फैन्स ओम राउत की फिल्म आदिपुरूष के लिए हैं। इस फिल्म में कृति सैनन सीता के किरदार में दिखाई देंगी वहीं साउथ सुपरस्टार प्रभास भगवान राम और सैफ अली खान, रावण के किरदार में दिखाई देंगे।कृति सैनन के करियर का सबसे खास प्रोजेक्ट है।

देखिए मिमी नेटफ्लिक्स पर
27 जुलाई को कृति सैनन के जन्मदिन से पहले ही देखिए उनकी फिल्म मिमी, नेटफ्लिक्स और जियो सिनेमा पर। हमारी तरफ से भी कृति सैनन को जन्मदिन की ढेर सारी बधाईयां। हैप्पी बर्थ डे मिमी और हैप्पी बर्थ डे कृति!
फिल्म में कृति सैनन का साथ निभाते दिख रहे हैं पंकज त्रिपाठी। तो आप भी समय क्यों गंवा रहे हैं, जाकर नेटफ्लिक्स पर देखिए कृति सैनन की ताज़ा फिल्म मिमी।


Click it and Unblock the Notifications











