फिर बिना विलेन के हो गई शाहरूख खान की मसाला फिल्म जवान, ना राणा दग्गुबाती और ना विजय सेतुपति तैयार
शाहरूख खान की फिल्म जवान, पिछले काफी समय से चर्चा में हैं। कभी अपनी कहानी को लेकर, तो कभी अपनी स्टारकास्ट को लेकर। अब रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म के विलेन की खोज अभी भी जारी है। कुछ समय पहले, राणा दग्गुबाती का नाम फिल्म के विलेन के तौर पर जुड़ा था लेकिन वो खबर झूठी निकली।
इसके बाद खबर थी कि साउथ सुपरस्टार, विजय सेतुपति को इस एटली फिल्म के लिए अप्रोच किया गया है। लेकिन अब ये तय माना जा रहा है कि विजय सेतुपति इस फिल्म के हीरो नहीं हैं। हालांकि, उन्हें अप्रोच किया गया था या नहीं किया गया था, इसकी पुष्टि नहीं की जा सकती है।

बात करें विजय सेतुपति की तो एक तरफ वो कैटरीना कैफ के अपोज़िट, श्रीराम राघवन की फिल्म मेरी क्रिसमस के साथ अपना बॉलीवुड डेब्यू करने जा रहे हैं वहीं दूसरी तरफ विजय सेतुपति मुंबईकर नाम की एक हिंदी फिल्म की शूटिंग पूरी कर चुकी हैं। विजय सेतुपति, आमिर खान की लाल सिंह चड्ढा का भी भाग थे लेकिन उनके वज़न से आमिर खान नाखुश थे और बाद में नागा चैतन्य ने विजय सेतुपति को रिप्लेस कर दिया था।
शाहरूख खान की एटली फिल्म जवान, विशुद्ध मसाला फिल्म है। फिल्म में शाहरूख खान बाप और बेटे का डबल रोल निभाने जा रहे हैं। फिल्म 6 जून 2023 को रिलीज़ हो रही है। जानिए फिल्म से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें।

दीपिका पादुकोण होंगी पत्नी
फिल्म में शाहरूख खान जो पिता का रोल कर रहे हैं वो एक RAW ऑफिसर हैं। उनकी पत्नी के किरदार में होंगी दीपिका पादुकोण। शाहरूख खान और दीपिका पादुकोण के ज़्यादातर सीन, फ्लैशबैक में होंगे। ये शाहरूख और दीपिका की पांचवी फिल्म होगी। दोनों ने साथ में ओम शांति ओम, चेन्नई एक्सप्रेस और हैप्पी न्यू ईयर में काम किया है। वहीं उनकी चौथी फिल्म पठान की भी शूटिंग चल रही है।

नयनतारा के साथ पहली तस्वीर
फिल्म में शाहरूख खान का साथ देंगी साउथ सुपरस्टार नयनतारा जो शाहरूख खान के साथ इस फिल्म से अपना बॉलीवुड डेब्यू करने जा रही हैं। नयनतारा ने हाल ही में साउथ के डायरेक्टर विग्नेश सिवान से शादी की है और इस शादी का हिस्सा बनने शाहरूख खान भी चेन्नई पहुंचे थे। शादी से शाहरूख खान और नयनतारा की साथ में पहली तस्वीर कुछ ही दिन पहले वायरल हुई है। नयनतारा फिल्म में शाहरूख खान के बेटे वाले किरदार से रोमांस करती दिखाई देंगी। ये किरदार एक गैंगस्टर का होगा।

एटली ने नहीं मानी हार
शाहरूख खान ने इस फिल्म की शूटिंग पिछले ही साल शुरू कर दी थी जहां पुणे में उन्होंने नयनतारा के साथ फिल्म का 10 दिन का शेड्यूल पूरा किया था। माना जा रहा है कि एटली और शाहरूख खान की इस फिल्म की शुरूआत तब हुई जब दोनों को एक साथ एक IPL मैच में देखा गया। शाहरूख एटली के साथ काम करने को तैयार थे पर उनकी एक ही शर्त थी, फिल्म की स्क्रिप्ट ओरिजिनल होनी चाहिए। शाहरूख खान ने एटली की स्क्रिप्ट को कई बार बदलवाया लेकिन मर्सल डायरेक्टर ने हार नहीं मानी।

अंग्रेज़ी सीरीज़ मनी हाइस्ट से प्रेरित?
जहां, नयनतारा, फिल्म में शाहरूख खान के अपोज़िट दिखाई देंगी वहीं फिल्म में प्रियामणि भी अहम किरदार में हैं। इससे पहले शाहरूख खान प्रियामणि के साथ फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस के गाने वन टू थ्री फोर में दिखाई दे चुके हैं। प्रियामणि ने हाल ही में आई अमेज़ॉन प्राईम की वेब सीरीज़ द फैमिली मैन के साथ लोगों का दिल जीता है। इस फिल्म में भी प्रियामणि सपोर्टिंग लेकिन एक अहम किरदार निभाती दिखाई देंगी। माना ये भी जा रहा है कि अटली की इस फिल्म के किरदार अंग्रेज़ी सीरीज़ money heist से काफी प्रेरित होने वाले हैं।

सान्या मल्होत्रा के सपनों का किरदार
फिल्म में सान्या मल्होत्रा भी सपोर्टिंग रोल में दिखाई देंगी और ये उनका ड्रीम रोल है। सान्या मल्होत्रा ने अपने छोटे से करियर में ढेरों प्रयोग किए और वो सारे प्रयोग सफल रहे। चाहे वो रितेश बत्रा की फोटोग्राफ में नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी के साथ उनकी केमिस्ट्री रही हो या फिर विशाल भारद्वाज की पटाखा में राधिका मदन के साथ उनका झंझट भरा रिश्ता। बधाई हो जैसी फिल्म में सपोर्टिंग कास्ट में भी फिल्म को मज़बूती देना और पगलैट जैसी फिल्म में जहां सपोर्टिंग कास्ट की शानदार लिस्ट हो, वहां अपने काम से पूरी फिल्म का फोकस खुद पर से ना हटने देना।

फैन्स को एंग्री यंग मैन का इंतज़ार
इससे पहले शाहरूख खान एंग्री इमेज में नज़र आ चुके हैं लेकिन वो सारी ज़्यादातर निगेटिव भूमिकाएं थीं। ये फिल्म विशुद्ध देसी मसाला है जो शाहरूख खान को वापसी करने का मौका देगा।गौरतलब है कि शाहरूख खान की आखिरी फिल्म थी ज़ीरो जिसके बाद उन्होंने फिल्मों से कुछ समय का ब्रेक लेने का एलान कर दिया था। इसका कारण था शाहरूख खान गलत दिशा में जाता करियर। तब से फैन्स लगातार उनकी वापसी का इंतज़ार कर रहे हैं।

तीन फिल्मों के साथ शाहरूख की वापसी
एटली की फिल्म के अलावा शाहरूख खान राजकुमार हिरानी की फिल्म डंकी पर काम शुरू कर चुके हैं। ये फिल्म गैर कानूनी ढंग से विदेश जाने वाले एक भारतीय की कहानी है। फिल्म एक हल्का फुल्का सोशल ड्रामा होगी। फिल्म में शाहरूख खान के साथ तापसी पन्नू दिखाई देंगी। लेकिन इन सब फिल्मों से पहले, शाहरूख खान अपनी धमाकेदार वापसी करेंगे दीपिका पादुकोण के साथ यशराज फिल्म्स की एक्शन थ्रिलर पठान के के साथ।


Click it and Unblock the Notifications











