..................... नीतू चंद्राः खूब हंसाएगी "वन टू थ्री" "one two three" is full entertainment - Hindi Filmibeat

नीतू चंद्राः खूब हंसाएगी "वन टू थ्री"

By Staff

रविवार,11 नवंबरः बिहार की बिटिया नीतू चंद्रा ने “गरम मसाला" से लोगों को अपने अभिनय का ऐसा स्वाद चखाया कि मधुर भंडारकर ने भी नीतू को “ट्रैफिक सिग्नल" पर पहुंचाकर उन्हें फेमस कर दिया. फिलहाल “वन टू थ्री" कहते हुए नीतू ने अन्य फिल्मकारों को भी अपनी तरफ आकर्षित करना शुरु कर दिया है. अभिनय की दुनिया में जमे रहने के लिए नीतू मशहूर डांसर जोड़ी बास्को सीज़र के साथ मिलकर वेस्टर्न डांस सीख रही हैं. पेश है उनसे बातचीत के कुछ अंश.

इन दिनों आप क्या कर रही हैं ?
फिलहाल मैं मुंबई में ही फिल्म “वन टू थ्री" की शूटिंग कर रही हूं. साथ ही गीतकार स्वानंद किरकिरे द्वारा निर्देशित एक प्ले “आओ साथी सपना देखें" में मुख्य भूमिका निभा रही हूं.

फिल्म “वन टू थ्री" के बारे में बताइए ?
यह एक कॉमेडी फिल्म है. इसके निर्माता कुमार मंगत तथा लेखक और निर्देशक अश्विनी धीर हैं, जो काफी सालों से कार्यक्रम “ऑफिस ऑफिस" को निर्देशित करते आ रहे हैं. इस फिल्म में मैं ज़बर्दस्त कॉमेडी कर रही हूं. मेरा किरदार मुझे बहुत अच्छा लगा और इसे निभाकर मुझे बहुत मज़ा आया. इस फिल्म में मेरे साथ समीरा रेड्डी, ईशा देओल, तनिशा मुखर्जी, परेश रावल, सुनील शेट्टी, तुषार कपूर तथा उपेन पटेल है.

इस फिल्म में अपने किरदार के बारे में बताइए ?
इस फिल्म में मैं जाट पुलिस इंस्पेक्टर बनी हूं. इस फिल्म में ऐसा कोई सीन नहीं है जिसमें कॉमेडी न हो. सभी दर्शकों के लिए मेरी यही सलाह है जब वह ये फिल्म देखने जाएं तो अपना सारा दुख घर छोड़ जाएं और तीन घंटे तक लगातार हंसकर फ्रेश होकर आएं.

पुलिस इंस्पेक्टर के किरदार के लिए कोई खास तैयारी करनी पड़ी ?
मैं स्पोर्ट्स बैकग्राउंड से आई हूं. मेरा व्यतित्व और चाल ढ़ाल काफी कुछ इस किरदार से मिलता जुलता था सो मुझे कोई खास तैयारी नहीं करनी पड़ी. हां इस किरदार के लिए मुझे जाट भाषा बोलना था. इस भाषा से मेरा दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं है. शुक्र हैं मेरे दो तीन जाट दोस्त थे जिनसे मैंने मदद ली. इसमें मेरे भाई ने भी मेरी बहुत मदद की. वह दिल्ली में रहा है उसके बहुत से जाट दोस्त हैं. मैं इन सभी से जाट भाषा में बात करती रहती थी. इस भाषा को सीखना मेरे लिए चुनौती थी मगर यही मेरे किरदार की जान थी. हमारी इंडस्ट्री में बहुत कम ऐसी फिल्में हैं जिसमें नायिका पुलिस इंस्पेक्टर है और कॉमेडी कर रही है. इसमें मैंने फूल टू कॉमेडी की है.

सुना है इस फिल्म की शूटिंग के दौरान कुछ लोगों ने आपको सचमुच का पुलिस इंस्पेक्टर समझ लिया था ?
जी हां, शूटिंग के बाद पैक अप करके हम होटल की तरफ लौट रहे थे. लौटते वक्त हमने देखा कि वहां पुलिस के कुछ लोगों ने नाकाबंदी कर दी है. मेरी गाड़ी सबसे आगे थी और उस दिन मैंने पुलिस यूनिफॉर्म पहन रखी थी. हम ड्रेस होटल पहुंचकर बदलते थे क्य़ोंकि वहां पर बहुत दिक्कत होती थी. मैंने मज़ाक में अपनी गाड़ी का शीशा नीचे कर दिया और उनसे कहा कि गेट खोलो. उन्होंने सेल्यूट मारकर गेट खोल दिया और मुझे जाने दिया मगर अफसोस बाकि लोगों को पैदल आना पड़ा. यह एक हास्यास्पद घटना है जिसे मैं कभी नहीं भूलूंगी.

कॉमेडी करके कितना मज़ा आया ?
उत्तर - मेरी शुरुआत कॉमेडी फिल्मों से ही हुई थी. “गरम मसाला" कॉमेडी फिल्म थी. “ट्रैफिक सिग्नल" डार्क कॉमेडी थी. यह फिल्म ज़बर्दस्त कॉमेडी है. यह और बात है कि गरम मसाला में मैं अक्षय और जॉन के कॉमेडी का शिकार हुई थी. इस फिल्म में खुद कॉमेडी करके बहुत मज़ा आया. सबसे ज़्यादा खुशी इस बात की है कि मैं हंसने के साथ साथ दूसरों को हंसाऊंगी.

यह एक मल्टीस्टारर्र फिल्म है. सभी के साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा ?
सभी के साथ काम करके बहुत मज़ा आया. समीरा रेड्डी, ईशा देओल और तनिशा तीनों बहुत अच्छी नायिकाएं ही नहीं बल्कि बहुत अच्छी लड़कियां भी हैं. तीनों के साथ मुझे अलग-अलग अनुभव हुआ, जिसने मेरी सोच को यकीन में बदल दिया. तीनों में सबसे ज़्यादा कौन पसंद है यह कह पाना बहुत मुश्किल है क्योंकि हम कभी अकेले नहीं होते थे जब भी होते थे समूह में होते थे. परेश जी के साथ यह मेरी दूसरी फिल्म है. “गरम मसाला" में उन्होंने काफी गंभीर किरदार निभाया था हालांकि वह फिल्म कॉमेडी थी. उस फिल्म में मैं उनके साथ मिलकर कॉमेडी नहीं कर पाई थी मगर इस फिल्म में दोनों फिल्मों की कसर पूरी कर दी है.


फिल्म “गोदावरी" के बाद साऊथ की फिल्मों में क्या कर रही हैं ?
दो फिल्में और कर रही हूं. पहली फिल्म “दावत" है,इसके निर्देशक वैकी व्यंकटेश हैं. यह महिलाओं पर आधारित फिल्म है. इसमें मेरे साथ हैं थियेटर आर्टिस्ट शकीन. दूसरी फिल्म पुरी जगन्नाथ की अनाम फिल्म हैं. इस फिल्म का ऑफर उन्होंने मुझे फिल्म फेयर अवार्ड शो में मेरे स्टेज शो के तुरंत बाद दिया था. पुरी जी साऊथ की फिल्मों के बेहतरीन निर्देशकों में से एक हैं. उन्हें इस साल के सर्वश्रेष्ठ निर्देशक के लिए फिल्म फेयर अवार्ड भी मिला है. चर्चित फिल्म “पोखरी" का निर्माण भी उन्होंने ही किया था, जिसे प्रभू देवा के निर्देशन में बोनी कपूर के बैनर तले रीमेक किया जा रहा है. पुरी साहब की अनाम फिल्म में मेरे साथ एक नए कलाकार रवि तेजा हैं.

क्या प्रियदर्शन के साथ कोई फिल्म साइन की है ?
यह मैं आपको कंफर्म नहीं बता सकती मगर हां बातें चल रही है.हो सकता है भविष्य में आप मुझे उनकी फिल्मों में देखें.

फिल्म “वन टू थ्री" के अलावा और कोई फिल्म के बारे में बताना चाहेंगी ?
तीन चार फिल्में साइन की हैं मगर अभी उनके बारे में बताने की मुझे परमिशन नहीं मिली है. मैं चाहूंगी कि यदि वही लोग अनाउंस करें तो बेहतर है. इनके बारे में आपको नवंबर माह तक खुद ब खुद पता चल जाएगा.

आप यूनिसेफ की यूथ आइकॉन है इन दिनों वहां क्या कर रही है ?
अभी मेरे पास चार हिंदी तथा दो साऊथ की फिल्में हैं जिनके कारण मैं काफी व्यस्त हूं. मैं उनकी पब्लिसिटी में नहीं जाती हूं. जब उन्हें मेरी ज़रुरत होती है तो मैं जाती हूं. सामन्यत: इस विषय पर ज़्यादा बोलना मुझे पसंद नहीं मेरा मानना है जब आप समाज सेवा करते हो तो उसे प्रचारित करना ठीक नहीं है.

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+
X