मन्नो भाभी बनी उमराव जान
'सात फेरे' में मन्नो भाभी का किरदार निभा रही नीना गुप्ता काफी दिनों बाद कॉमेडी करती नज़र आएंगी. फिल्मी चैनल पर प्रसारित होने वाले नए कार्यक्र्म 'जिगर मा बडी़ आग है' में नीना गुप्ता 'सुष' नामक एक मकान मालकिन के रूप में नज़र आएंगी, जो उमराव जान बनते बनते रह गई. उमराव जान न बन पाने के कारण वह फिल्म स्टार रेखा से काफी नाराज़ है. अपने इस किरदार को लेकर हर किसी की तरह नीना भी काफी खुश हैं. इसे वह अपनी खुशनसीबी मानती हैं कि आज भी उन्हें कुछ अलग करने का मौका मिल रहा है. नीना कहती हैं, मैं बहुत बडी़ कलाकार नहीं हूं मगर खुशी की बात है मुझे न सिर्फ फिल्मों में अच्छे किरदार मिले बल्कि टेलीविज़न पर भी अच्छे अच्छे किरदार मिल रहे हैं.
अपने गंभीर अभिनय के लिए जानी जाने वाली नीना इससे पहले 'श्रीमान श्रीमती' तथा एक दो और कार्यक्रमों में थोडे़ समय के लिए कॉमेडी कर चुकी है. पिछले कार्यक्रम 'सांस' में कंवलजीत तथा नीना की जोडी़ ने धूम मचाई थी. इन दोनों ने अपने अभिनय से दर्शकों को काफी रुलाया था. क्या यही वजह है कि इस कार्यक्रम के द्वारा लोगों का मनोरंजन करने के लिए दोनों की खूबसूरत जोडी़ एक बार फिर टेलीविज़न पर दिखाई देगी. इस पर नीना ने कहा 'जी नहीं ऐसी कोई बात नहीं है। मैं तो जानती भी नहीं थी कि इसमें एक बार फिर मुझे कंवलजीत के साथ अभिनय करने का मौका मिलेगा. यह अच्छी बात है कि दर्शकों को हमारी जोडी़ अच्छी लगती है.'
नीना गुप्ता उन अदाकारों में से हैं जो वाकई बडी़ कलाकार तो नहीं बन पाई मगर दर्शकों का प्यार खूब लिया. यह खुद नीना भी स्वीकार करती हैं. नीना ने कमर्शियल फिल्मों के साथ रियलिस्टीक सिनेमा में भी अपनी पहचान बनाई. आज दोनों फिल्मों का दौर है मगर ऐसी फिल्में नहीं बन रही है जिनमें नीना के मुताबिक रोल हो. इस बात का अफसोस नीना को भी है. साथ ही नीना यह भी मानती हैं 'मैं कलाकार हूं मुझे जैसे रोल मिलेंगे मैं वही करूंगी. मैं किसी को कह नहीं सकती कि मुझे मेरी पसंद के किरदार दिए जाएं. मगर जो भी किरदार मिल रहे हैं उनसे मैं खुश हूं.'
टेलीविज़न के अलावा नीना कुछ फिल्में भी कर रही हैं जिनमें सतीश कौशिक की 'तेरे संग' और एक टेलीफिल्म 'हैलो ज़िंदगी' शामिल है. 'हैलो ज़िंदगी ' में नीना फिर एक बार कंवलजीत के साथ नज़र आने वाली हैं. अभिनय के अलावा नीना गुप्ता कुछ कार्यक्रमों का निर्माण भी कर चुकी हैं जिनमें बहुचर्चित कार्यक्रम 'सांस' भी शामिल है. अब वह कार्यक्रमों का निर्माण क्यों नहीं कर रही है ? इस पर नीना कहती हैं 'मैं दोनों जगह अपना ध्यान केन्द्रित नहीं कर सकती इसलिए मैं इन दिनों कार्यक्रमों का निर्माण करने की बजाय अभिनय की तरफ अधिक ध्यान दे रही हूं.'


Click it and Unblock the Notifications