Satish Kaushik Death : भारी मन से नीना गुप्ता ने अपने पुराने साथी ‘कौशिकन’ को कहा, Goodbye

एक्टर सतीश कौशिक अब इस दुनिया में नहीं रहे। 66 साल की उम्र में अचानक आए हार्ट अटैक में उनका निधन हो गया है। सतीश कौशिक दिल्ली में कार से सफर कर रहे थे जिस समय उनको हार्ट अटैक आया। अपनी गाड़ी के ड्राइवर से उन्होंने अस्पताल ले जाने के लिए भी कहा लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। सतीश के अचानक निधन से हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अजीब सा सन्नाटा छा गया है। हर दिल अजीज सतीश कौशिक की मौत के बाद फिल्म इंडस्ट्री के उनके सभी साथी अपने-अपने अंदाज में उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। सतीश कौशिक के जिगरी दोस्त अनुपम खेर ने सबसे पहले उनकी मौत की जानकारी दी। कंगना रनौत, मधुर भंडारकर, हंसल मेहता, सुभाष घई, रवीना टंडन, रितेश देशमुख, मनोज बाजपेयी समेत तमाम सेलेब्स शोक जता रहे हैं। इंस्टाग्राम पर नीना गुप्ता ने सतीश कौशिक के नाम पर अपना आखिरी मैसेज एक वीडियो में पोस्ट किया है। इस वीडियो में नीना गुप्ता ने बताया कि सिर्फ सतीश कौशिक ही उन्हें 'नैंसी' कहते थे।
बहुत पुराना साथ था हमारा :
इंस्टाग्राम पर पोस्ट किये अपने वीडियो में नीना गुप्ता बेहद मायूस दिख रही हैं। वह अपने पुराने दोस्त सतीश कौशिक के निधन से काफी आहत हैं। इस वीडियो में नीना ने कहा, "आज सुबह-सुबह बहुत बुरी खबर के साथ मैं उठी। इस दुनिया में एक ही आदमी था जो मुझे नैंसी कहकर बुलाता था और मैं उसे कौशिकन कहकर बुलाती थी। बहुत पुराना साथ था हमारा। दिल्ली में कॉलेज के दिनों से साथ था हमारा...चाहे मिले या ना मिले। नहीं रहा वो अब।" अपने दोस्त को खोना नीना गुप्ता के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है। वीडियो में अपने मैसेज में नीना ने कहा, "यह बहुत डरावना न्यूज है, बहुत बुरा। उसकी छोटी बच्ची वंशिका और उसकी पत्नी शशि, उनके लिए बहुत मुश्किल समय है। और कुछ भी उनको चाहिए मैं हमेशा उनके साथ रहूंगी...हूं। भगवान उनको हिम्मत दे...खास तौर पर वंशिका को। और क्या बोलूं...!"
नीना गुप्ता से करना चाहते थे शादी :
सतीश कौशिक अपनी पुरानी दोस्त नीना गुप्ता से शादी करना चाहते थे, वो भी उस समय जब वह वीव रिचर्ड्स के बच्चे, मसाबा गुप्ता, की मां बनने वाली थी। नीना ने इस बात का खुलासा अपनी किताब 'सच कहूँ तो' में किया है। इसमें नीना ने लिखा है कि सतीश ने उनसे तब कहा था कि अगर बच्चा डार्क स्किन का पैदा होता है तो कह देना यह मेरा बच्चा है। हम शादी कर लेंगे। किसी को किसी बात पर शक नहीं होगा। सतीश कौशिक ने भी नीना गुप्ता के अकेली मां बनने के फैसले की सराहना करते हुए एक इंटरव्यू में कहा था कि मैं एक दोस्त के तौर पर उसके साथ खड़ा होना चाहता था।


Click it and Unblock the Notifications

