राष्ट्रीय पुरस्कारों में दक्षिण का बोलबाला

वर्ष 2007 के राष्ट्रीय पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है. तमिल अभिनेता प्रकाश राज को फ़िल्म कांचीवरम में अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता चुना गया है.
प्रकाश राज इससे पहले वर्ष 1998 में फ़िल्म इरुवर के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता और वर्ष 2003 में स्पेशल जूरी पुरस्कार पा चुके हैं.
कन्नड़ फ़िल्म गुलाबी टाकिज़ में अपने बेहतरीन अभिनय के लिए उमाश्री को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री चुना गया है.
फ़िल्म कांचीवरम को वर्ष 2007 की सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म भी चुना गया है. प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फ़िल्म में आज़ादी से पहले कांचीवरम के सिल्क बुनकरों के जीवन को दिखाया गया है.
मराठी फ़िल्म तिंग्या के लिए शरद गोयेकर को सर्वश्रेष्ठ बाल अभिनेता चुना गया है. फ़िरोज़ अब्बास ख़ान की फ़िल्म गांधी माई फ़ादर के लिए दर्शन ज़रीवाला को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता चुना गया.
इस फ़िल्म को जूरी का विशेष पुरस्कार भी मिला है. शाहरुख़ ख़ान की फ़िल्म चक दे इंडिया को सर्वश्रेष्ठ मनोरंजक फ़िल्म के रूप में चुना गया है.
जबकि परिवारिक फ़िल्मों की श्रेणी में आमिर ख़ान की तारे ज़मीं पर सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म चुनी गई है.
फ़िल्म तारे ज़मीं पर के गाने मेरी माँ... के लिए शंकर महादेवन को सर्वश्रेष्ठ गायक चुना गया है.
राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कारों के चयन के लिए गठित जूरी की अध्यक्षता सई परांजपे कर रही थी. जबकि जूरी के अन्य सदस्य थे- अशोक विश्वनाथन और नमिता गोखले.


Click it and Unblock the Notifications