नसीरूद्दीन शाह के बेटे विवान शाह को हुआ कोरोना, आइसोलेशन में हैं अभिनेता
देशभर से लॉकडाउन भले ही हटाया जा रहा है, लेकिन कोरोना वायरस का प्रकोप अभी भी खत्म नहीं हुआ है। बता दें, नसीरूद्दीन शाह के बेटे विवान शाह कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। पिछले कुछ दिनों से विवान की तबीयत नहीं थी, जिसके बाद उनका कोविड टेस्ट कराया गया, जो कि पॉजिटिव निकला। विवान फिलहाल पूरी तरह से आइसोलेशन में हैं।
पिछले दिनों विवान अपनी वेब सीरीज 'अ सूटेबल बॉय' के प्रमोशन में व्यस्त थे। बीते हफ्ते विवान को अपने अंदर कोरोना के लक्षण दिखाई दिए, जिसके बाद तुरंत उन्होंने कोरोना टेस्ट कराया। रिपोर्ट आने के बाद से विवान आइसोलेशन में चले गए हैं और उनका इलाज चल रहा है। विवान ने खुद भी खुद के कोविड-19 पॉजिटिव होने की खबर कंफर्म की है।

गौरतलब है कि विवान से पहले अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, ऐश्वर्या राय, आराध्या, मलाइका अरोड़ा, अर्जुन कपूर, कनिका कपूर, आफताब शिवदसानी, सारा खान, रफ्तार और हर्षवर्धन राणे जैसे फिल्म स्टार्स कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं।
बता दें, कोरोना वायरस के कुल केस में भारत विश्व भर में दूसरे नंबर पर है। अब तक 8 मिलियन से भी ज्यादा लोग भारत में इस वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। जबकि लगभग 1 लाख लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में गिरावट दर्ज की गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 45,230 नए मामले सामने आए हैं।


Click it and Unblock the Notifications











