फिल्मफेयर अवार्ड से वॉशरूम का हैंडल बना लेते हैं नसीरूद्दीन शाह, अभिनेता के बयान से हर कोई हैरान

Naseeruddin Shah: नसीरुद्दीन शाह उन दिग्गज कलाकारों में हैं, जिन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में दशकों से काम किया है। इस दौरान उन्होंने कई अवार्ड भी जीते हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान, अभिनेता ने खुलासा किया कि वह इन अवार्ड्स को गंभीरता से नहीं लेते हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने फिल्मफेयर अवार्ड्स का इस्तेमाल अपने वॉशरूम के दरवाज़े के हैंडल के रूप में करते हैं।
अभिनेता के बयान पर सभी हैरानी जता रहे हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि ये अवार्ड्स सिर्फ लॉबिंग का नतीजा है। इंटरव्यू में नसीरूद्दीन शाह से पूछा गया कि क्या यह अफवाह सही है कि आप मिलने वाले अवॉर्ड्स को अपने फार्महाउस के दरवाजों के हैंडल को शिल्प करने के लिए इस्तेमाल करते हैं। इस पर उनकी हंसी छूट गई और उन्होंने इसकी पुष्टि की।
अवार्ड की कोई वैल्यू नहीं है
उन्होंने कहा- "मेरे लिए इन अवॉर्ड्स का अब कोई मतलब नहीं है। फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में मिलने वाली ट्रॉफी को मैं वॉशरूम के हैंडल के तौर पर यूज करता हूं। जब कोई मेरे घर के वॉशरूम में जाएगा तो उसे दरवाजे पर फिल्मफेयर की दो ट्रॉफियां हैंडल के रूप में लटकी मिलेंगीं।"
लॉबिंग की वजह से मिलते हैं अवार्ड
नसीरूद्दीन शाह ने आगे कहा,"पहले इन अवॉर्ड्स को जीतने के बाद खुशी मिलती थी। धीरे-धीरे करके ऐसे बहुत सारे अवॉर्ड्स हो गए। कुछ वक्त बाद एहसास हुआ कि ये अवॉर्ड्स लॉबिंग का नतीजा है। किसी को भी योग्यता के आधार पर ये नहीं दिया जा रहा है। इसके बाद ही मेरा इन अवॉर्ड्स से नाता टूटने लगा।"
अभिनेता का कहना है, "मुझे इन अवॉर्ड्स का कॉन्सेप्ट समझ नहीं आता है। मेहनत तो सभी कलाकार करते हैं, लेकिन साल के सबसे बेस्ट एक्टर की ट्रॉफी सिर्फ एक एक्टर को पकड़ा दी जाती है। ये सही नहीं है। पिछले दो अवॉर्ड्स को मैं लेने तक नहीं गया। इसलिए मैंने एक फार्महाउस बनवाया और वहां के वॉशरूम में इन अवॉर्ड्स को रखने का फैसला किया।"


Click it and Unblock the Notifications