नसीरूद्दीन शाह दो दिनों से हैं अस्पताल में भर्ती, मैनेजर ने दी जानकारी- 'हालत स्थिर है'
फिल्म इंडस्ट्री से लगातार दुखद खबरें आ रही हैं। मंदिरा बेदी के पति फिल्ममेकर राज कौशल के निधन की खबरों ने जहां सभी को शोकग्रस्त कर दिया है। वहीं, दिलीप कुमार भी सांस संबंधी परेशानी की वजह से फिर से अस्पताल में भर्ती हैं। अब दिग्गज कलाकार नसीरूद्दीन शाह से जुड़ी खबर भी सामने आ रही है।
नसीरूद्दीन शाह बीते दो दिनों से अस्पताल में भर्ती में हैं। बताया जा रहा है कि अभिनेता को निमोनिया हुआ है और उनके फेंफड़ों में पैच भी पाया गया है। नसीरुद्दीन शाह की पत्नी रत्ना पाठक और उनके बच्चे भी हॉस्पिटल में लगातार मौजूद हैं।

नसीरुद्दीन शाह के मैनेजर ने उनके अस्पताल में भर्ती होने की बात 'बॉम्बे टाइम्स' को कन्फर्म की है। मैनेजर ने बताया, "अभिनेता दो दिनों से अस्पताल में भर्ती है। वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। उन्हें निमोनिया होने के कारण भर्ती कराया गया है। उनके फेंफड़े में पैच पाया गया है इसीलिए उन्हें भर्ती कराना जरूरी था। उनकी स्थिति अभी स्थिर है और इलाज का असर हो रहा है।"
70 साल के नसीरुद्दीन शाह के सेहत जुड़ी खबरें कई बार सामने आती रहती हैं, लेकिन परिवार अफवाहों को तुरंत शांत कर देता है। पिछले साल भी एक्टर के बीमार होने की खबरों को अफवाह बताते हुए विवान शाह ने लिखा था- "बाबा बिल्कुल स्वस्थ हैं। उनके स्वास्थ्य से जुड़ी सबसे अफवाहें गलत हैं।"
पिछली बार नसीरुद्दीन शाह वेब सीरिज 'बंदिश बैंडिट्स' और फिल्म 'राम प्रसाद की तेरहवीं' में नजर आए थे जिसका डायरेक्शन सीमा पहवा ने किया था।


Click it and Unblock the Notifications











