O Romeo ट्रेलर लॉन्च ड्रामा: नाना पाटेकर नाराज होकर बाहर निकले, बोले- 'लेट हो गया, जा रहा हूं', शाहिद‑तृप्ति..
Nana Patekar leaves O Romeo event: नाना पाटेकर अपनी सख्त समय की पाबंदी के लिए मशहूर हैं। बुधवार को वह अपनी आने वाली फिल्म 'ओ रोमियो' के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में शामिल होने के लिए ठीक दोपहर 12 बजे मुंबई के एक मल्टीप्लेक्स पहुंचे। नाना समय पर मौजूद थे, लेकिन तय समय तक फिल्म की बाकी स्टारकास्ट नहीं पहुंची।

करीब एक घंटे तक इंतजार करने के बाद नाना पाटेकर नाराज हो गए। उन्होंने ट्रेलर लॉन्च शुरू होने से पहले ही इवेंट छोड़ने का फैसला कर लिया। इस दौरान आयोजकों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन नाना ने अपनी घड़ी की ओर इशारा करते हुए साफ कर दिया कि वह अब और इंतजार नहीं करेंगे।
वायरल वीडियो ने मचाई हलचल
नाना पाटेकर के इवेंट छोड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि नाना ऑडिटोरियम से बाहर निकलते हुए लिफ्ट की तरफ जाते हैं और वो बिना बातचीत किए वहां से चले जाते हैं। यह वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है।
विशाल भारद्वाज का रिएक्शन
जब ट्रेलर लॉन्च बाद में शुरू हुआ, तो फिल्म के डायरेक्टर विशाल भारद्वाज ने नाना पाटेकर के इवेंट छोड़ने पर बात की। उन्होंने बताया कि नाना ने कहा था, "मुझे एक घंटे तक इंतजार करवाया गया, इसलिए मैं जा रहा हूं।" विशाल भारद्वाज ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि नाना एक ऐसे इंसान हैं जिनमें शरारत भी है और सादगी भी, और यही उनकी खासियत है।
शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की लेट एंट्री
इवेंट में मौजूद सूत्रों के मुताबिक, फिल्म के लीड एक्टर्स शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी करीब 1:30 बजे ट्रेलर लॉन्च पर पहुंचे। इसी देरी की वजह से पूरा कार्यक्रम तय समय से काफी देर से शुरू हुआ।
'ओ रोमियो' की कहानी
मेकर्स के अनुसार, 'ओ रोमियो' एक रोमांटिक एक्शन ड्रामा फिल्म है, जो कुछ सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही है। फिल्म में एक्शन, इमोशन और रोमांस का मजबूत कॉम्बिनेशन देखने को मिलेगा।
दमदार स्टारकास्ट से सजी है फिल्म
इस फिल्म में शाहिद कपूर, तृप्ति डिमरी, नाना पाटेकर, अविनाश तिवारी, दिशा पाटनी, फरीदा जलाल, अरुणा ईरानी और विक्रांत मैसी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं तमन्ना भाटिया फिल्म में एक खास कैमियो रोल करती दिखाई देंगी।
वैलेंटाइन वीक में होगी फिल्म रिलीज
साजिद नाडियाडवाला के प्रोडक्शन में बनी यह फिल्म 13 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वैलेंटाइन वीक में रिलीज होने के चलते फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर अच्छे परफॉर्मेंस की उम्मीद की जा रही है।


Click it and Unblock the Notifications











