काजोल ने जिंदगी को मजबूत बनाया : तनिशा
अभिनेत्री तनिशा मुखर्जी अपनी मां और बहन की तरह सफल अभिनेत्री नहीं बन पाईं, लेकिन उनके सहयोग के लिए वह उनकी शुक्रगुजार हैं। उनकी मां तनुजा और बहन काजोल ने हमेशा उनकी मदद की और उनका उत्साह बढ़ाया। तनिशा कहती हैं कि उनका उद्देश्य अपनी उम्मीदों पर जीना है।
तनिशा ने एक साक्षात्कार में आईएएनएस को बताया, "अपने करियर में मैं जहां तक भी पहुंची हूं, उसमें मेरी मां और बहन का हाथ है, उन्होंने मुझे बहुत कुछ सिखाया है। उन्होंने हमेशा मेरी मदद की है। इससे बढ़कर वे हमेशा मेरी जिंदगी के सुरक्षा कवच बने रहे हैं और मुझे जीवन में मजबूत बनाया है।"
करीब एक दशक पहले तनिशा ने अपनी बहन काजोल के नक्शे कदम पर चलते हुए फिल्म 'शश्श्श्..' से बॉलीवुड में कदम रखा था। बाद में उन्होंने 'टैंगो चार्ली', 'सरकार' और 'नील एंड निक्की' जैसी फिल्मों में काम किया। लेकिन अपनी बहन काजोल जितनी सफल नहीं हो पाईं।
तनिशा ने कहा, "मेरा मानना है कि यदि आप अपने निजी जीवन में मजबूत नहीं हैं, तो काम में कभी सफल नहीं हो पाएंगे।"
a
तनिशा एक प्रतिष्ठित फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनकी नानी शोभना समर्थ 50 के दशक की मशहूर अभिनेत्री थीं और दादा सशधर मुखर्जी हिंदी सिनेमा के अग्रणी चेहरों में गिने जाते हैं। तनिशा के पिता सोमू मुखर्जी ने 'संगदिल सनम' और 'पत्थर के इंसान' जैसी फिल्में बनाई हैं।
तनिशा मानती हैं कि उनके परिवार की प्रतिष्ठित फिल्मी पृष्ठभूमि ने हर किसी की अपेक्षाएं उनसे काफी बढ़ा दीं।
तनिशा कहती हैं कि वह कभी भी सिनेमा से गायब नहीं हुईं। उन्होंने कहा, "मैं हमेशा सिनेमा से जुड़ी रही हूं और आगे भी रहूंगी। भले ही मैं एक समय पर कैमरे के सामने नहीं रही हूं, तब मैं फिल्म निर्माण में व्यस्त थी।"
तनिशा बॉलीवुड के अलावा क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
