'गजनी' के निर्देशक आए शाहरुख के पास
बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान के साथ हिट फिल्म 'गजनी' करने के बाद अब तमिल निर्देशक मुर्गुदॉस शाहरुख खान के साथ काम करने के इच्छुक हैं और उनका कहना है कि इसके लिए वह कहानी पर काम कर रहे हैं।
मुर्गुदॉस ने सोमवार को कन्नड़ फिल्म सूर्यकांति के लांच के दौरान संवाददाताओं को बताया, "हां, मैं इस पर काम कर रहा हूं। मैं एक बार शाहरुख से भेंट कर चुका हूं और मैंने उनके साथ कहानी पर चर्चा की है, लेकिन अभी तक तय कुछ भी नहीं हुआ है। कोई फैसला लेने के लिए हमें कई बार मिलना होगा।"
'गजनी' ने करीब 250 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। उन्होंने कहा, "हिंदी फिल्म उद्योग बड़ा है। यहां बजट बड़ा होता है और हमारे पास फिल्म को बड़े पैमाने पर बनाने की छूट होती है। मैं एक और हिंदी फिल्म करना चाहता हूं और उसके बाद दक्षिण भारतीय फिल्मों की ओर लौट जाना चाहता हूं।"
37 वर्षीय निर्देशक का कहना है कि वह अपनी पटकथा खुद लिखते हैं और किताबें पढ़ने और लोगों से बातचीत करने से उन्हें अच्छी कहानियों की रचना करने में मदद मिलती है।


Click it and Unblock the Notifications