सोनिया पर फिल्म बनाकर रहूंगाः मूंदड़ा
ब्रिटेन में रहने वाले भारतीय मूल के फिल्मकार जगमोहन मुंदड़ा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के जीवन पर फिल्म बनाना चाहते हैं। इस फिल्म को लेकर वह इतने अधिक उत्साहित हैं कि उनका कहना है कि प्रदर्शित होने के बाद अगर उनकी फिल्म पर प्रतिबंध लगा दिया गया तब भी उन्हें कोई परवाह नहीं। मूंदड़ा का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में काफी शोध किया है।
मुंदड़ा ने विशेष साक्षात्कार में कहा, "मैंने जब सोनिया गांधी के जीवन पर फिल्म बनाने का फैसला किया था, तभी मुझे कांग्रेस पार्टी की ओर से एक कानूनी नोटिस मिला था। नोटिस में कहा गया था कि मैं सोनिया गांधी की इजाजत के बिना फिल्म नहीं बना सकता। मैंने सोचा कि आखिर इसमें क्या बुराई है। दरअसल, मैं सोनिया गांधी के जीवन के उन पहलुओं को उजागर करना चाहता हूं, जिनके बारे में कोई नहीं जानता।"
मुंदड़ा ने कांग्रेस पार्टी के नोटिस के जवाब में कहा कि उन्होंने सोनिया गांधी के जीवन पर किताब लिखने वाले राशिद किदवई से कॉपीराइट हासिल किया है। बकौल मुंदड़ा, "मैंने कांग्रेस को लिखा है कि मेरे पास किदवई की पुस्तक का कॉपीराइट है। इसके अलावा मैंने उन पर शोध के दौरान जो भी लेख पढ़े, सब के सब प्रकाशित हैं। उन सबका निरीक्षण किया जा सकता है। सोनिया गांधी उसी सूरत में मेरे खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकती हैं, जब मैं उनके बारे में कुछ गलत दिख्राऊं। मैं तो एक राजनेता पर फिल्म बनाना चाहता हूं और इसमें कोई बुराई नहीं है।"
मुंदड़ा ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस पार्टी से सिर्फ इतना कहा कि वह उन्हें सोनिया गांधी पर फिल्म बनाने दे और अगर वह फिल्म उसे पसंद नहीं आए, तब बेशक उस पर प्रतिबंध लगा दिया जाए।
मुंदड़ा ने कहा कि वह दो कारणों से इस फिल्म के लिए सोनिया गांधी की इजाजत लेने नहीं गए। बकौल मुंदड़ा, "मैंने सोचा कि अगर सोनिया गांधी इस फिल्म के लिए हां करती हैं तब विपक्ष यह मुद्दा उछालेगा कि वह फिल्म के माध्यम से शोहरत बटोरना चाहती हैं। दूसरी ओर, अगर सोनिया गांधी नहीं कहती, तब मीडिया यह कहते हुए इस बात को मुद्दा बनाता कि कांग्रेस अध्यक्ष अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर रोक लगा रही हैं। दोनों स्थितियों में सोनिया गांधी मुश्किलों का सामना करतीं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











