अरेस्ट होने के डर से मुंबई छोड़कर भागे Ranveer Allahabadia? घर पर मिला ताला, फोन भी ऑफ

Ranveer Allahabadia India Got Latent Controversy: यूट्यूब शो 'इंडियाज गॉट लैटेंट' में किए गए कॉन्ट्रोवर्शियल कमेंट्स की जांच के तहत मुंबई और असम पुलिस की टीमें शुक्रवार को पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया के घर पहुंचीं, लेकिन घर पर ताला लगा मिला। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनका फोन बंद था।
मुंबई असम में दर्ज हुईं FIR
यूट्यूब पर अपने 'बीयरबाइसेप्स' चैनल के लिए मशहूर इलाहाबादिया कॉमेडियन समय रैना के अब डिलीट हो चुके यूट्यूब शो 'इंडियाज गॉट लैटेंट' में माता-पिता और सेक्स के बारे में अपने कमेंट को लेकर बड़े विवाद में फंस गए थे। इलाहाबादिया और रैना के खिलाफ कम से कम दो FIR दर्ज की गई हैं - एक असम में और दूसरी मुंबई में।
फ्लैट पर नहीं थे रणवीर इलाहाबादिया
पीटीआई ने एक अज्ञात पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया, "मुंबई और असम पुलिस की टीमें आज सुबह वर्सोवा में इलाहाबादिया के फ्लैट पर गईं, लेकिन वह बंद मिला। इसके बाद दोनों पुलिस टीमें खार पुलिस स्टेशन लौट आईं।"
पहले समन में नहीं पहुंचे थे रणवीर
पीटीआई के अनुसार, अधिकारी ने बताया कि इलाहाबादिया को उनके विवादास्पद बयान की जांच के सिलसिले में गुरुवार को खार पुलिस थाने में उपस्थित रहने को कहा गया था, लेकिन उनके उपस्थित नहीं होने पर पुलिस ने दूसरा समन जारी कर उन्हें शुक्रवार को उपस्थित होने को कहा।
रणवीर ने खटखटाया सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा
अधिकारी ने बताया कि रणवीर इलाहाबादिया ने रिक्वेस्ट किया था कि खार पुलिस उनके घर पर उनका बयान दर्ज करे, लेकिन उनके अनुरोध को खारिज कर दिया गया। इससे पहले आज रणवीर इलाहाबादिया ने अपने खिलाफ दर्ज कई FIR को एक साथ लाने की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
असम के मुख्यमंत्री का स्टेटमेंट
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने 11 फरवरी को कहा कि गुवाहाटी पुलिस ने यूट्यूबर्स और सोशल इन्फ्लुएंसर आशीष चंचलानी, जसप्रीत सिंह, अपूर्वा मखीजा, रणवीर इलाहाबादिया, समय रैना और अन्य के खिलाफ इंडियाज गॉट लेटेंट पर अश्लीलता को बढ़ावा देने और यौन रूप से स्पष्ट और अश्लील चर्चाओं में शामिल होने के आरोप में FIR दर्ज की है।
उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "गुवाहाटी क्राइम ब्रांच ने साइबर पीएस केस नंबर 03/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 79, 95, 294 और 296 के साथ-साथ आईटी एक्ट, 2000 की धारा 67; सिनेमैटोग्राफ एक्ट, 1952 की धारा 4 और 7; और महिलाओं के अश्लील चित्रण (निषेध) अधिनियम, 1986 की धारा 4 और 6 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल जांच चल रही है।"
मामले को लेकर अपडेट
असम पुलिस की एक टीम मामले की जांच के लिए बुधवार को मुंबई पहुंची। टीम मुंबई के खार पुलिस स्टेशन पहुंची और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। मेकर्स पर मुंबई में भी विवादित 'इंडियाज गॉट लेटेंट' एपिसोड को लेकर केस चल रहा है। महाराष्ट्र साइबर ने इस संबंध में दर्ज मामले के संबंध में अब तक कम से कम 50 लोगों को बयान दर्ज करने के लिए बुलाया है। इनमें वे लोग भी शामिल हैं जिन्होंने शो में हिस्सा लिया था।
अब तक कम से कम सात लोगों ने मुंबई पुलिस के सामने अपने बयान दर्ज कराए हैं, जिनमें अपूर्वा मुखीजा, रणवीर इलाहाबादिया के मैनेजर और अभिनेता और फिल्मी हस्ती रघु राम शामिल हैं।


Click it and Unblock the Notifications











