मुकेश खन्ना के निधन की अफवाह झूठी, शक्तिमान एक्टर के भाई का कोरोना से हुआ निधन
एक तरफ जहां देश कोरोना से जूझ रहा है वहीं सोशल मीडिया आए दिन झूठी खबरों से निपट रहा है। रोज़ ही किसी ना किसी के निधन की अफवाह उड़ती है। अब खबर थी कि शक्तिमान एक्टर और महाभारत के भीष्म पितामह मुकेश खन्ना का कोरोना से निधन हो गया। हालांकि, एक्टर ने खुद इस बात का खंडन करते हुए बताया कि वो बिल्कुल स्वस्थ हैं।
दरअसल, हाल ही में मुकेश खन्ना के बड़े भाई सतीश खन्ना का कोरोना से निधन हो गया। सतीश खन्ना पेशे से एक बिज़नेसमैन थे और उनकी उम्र 85 साल थी।

लेकिन ये खबर आगे बढ़ते बढ़ते सतीश खन्ना की जगह मुकेश खन्ना के निधन की हो गई जिसके बाद ये खबर सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी। लेकिन एक न्यूज़ चैनल से बातचीत कर मुकेश खन्ना ने खुद इस बात का खंडन किया और अपने स्वास्थ्य के ठीक होने की जानकारी दी।

लोगों को कहा धन्यवाद
मुकेश खन्ना ने लोगों को धन्यवाद देते हुए यह भी कहा कि उन्हें यह जानकर अच्छा लगा कि लोगों को उनके ठीक होने की चिंता है। मुकेश खन्ना ने अपने शुभचिंतकों को धन्यवाद दिया।

आए दिन उड़ती हैं खबरें
गौरतलब है कि कोरोना काल में आए दिन किसी ना किसी बड़ी हस्ती के निधन की खबरें उड़ती हैं। कुछ खबरें तो किसी ना किसी गलतफहमी के कारण उड़ती हैं लेकिन बाकी खबरों के पीछे की मंशा केवल लोगों को परेशान करना होता है।

परेशान थे शक्तिमान फैन्स
मुकेश खन्ना के निधन की खबरें सुनकर सोशल मीडिया पर फैन्स भी परेशान हो गए और उनका हाल चाल जानने को बेचैन हो गए। गौरतलब है कि मुकेश खन्ना ने शक्तिमान बनकर 90 के दशक के बच्चों के दिल पर राज किया।

महाभारत के भीष्म पितामह
वहीं मुकेश खन्ना को 90 के दशक से पहले के लोग भीष्म पितामह के तौर पर ही जानते हैं। बीआर चोपड़ा की महाभारत में मुकेश खन्ना ने भीष्म पितामह का कालजयी किरदार निभा कर उसे अमर कर दिया था।

आज भी ढेरों फैन्स
आज भी मुकेश खन्ना के ढेरों फैन्स हैं। वहीं पिछले साल लॉकडाउन में रामायण और महाभारत के वापस प्रसारण के बाद एक बार फिर से ये सभी पुराने किरदार, लोगों के ज़ेहन में ताज़ा हो चुके हैं और इनकी फैन फॉलोइंग भी ज़बरदस्त तरीके से बढ़ चुके हैं।

स्वस्थ रहें सुरक्षित रहें
बहरहाल, खुद मुकेश खन्ना ने अपने स्वस्थ होने की पुष्टि कर फैन्स की चिंता दूर कर दी है। हमारी भी ईश्वर से यही प्रार्थना है कि इस संकट के माहौल में हर कोई घर पर रहे, स्वस्थ रहे और सुरक्षित रहे। जितना हो सके, उतना कोरोना के संक्रमण से बचा रहे।


Click it and Unblock the Notifications











