हरियाणा, चंडीगढ़ में ALERT के बीच रिलीज को तैयार MSG
काफी समय से विवादों में रही फिल्म 'एमएसजी-द मैसेंजर' शुक्रवार को रिलीज होने जा रही है। फिल्म के प्रति विरोधों को देखते हुए, एहतियातन गुरुवार को हरियाणा और चंडीगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अप्रिय घटनाओं से बचने के लिए पहले से ही सावधानी बरती जा रही है।
डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह की फिल्म पहले 'एमएसजी-मेसेंजर ऑफ गॉड' के नाम से प्रदर्शित होनी थी, लेकिन अब फिल्म का नाम बदलकर 'एमएसजी-द मैसेंजर' कर दिया गया है। चंडीगढ़ और हरियाणा के कई सिख संगठन फिल्म के प्रदर्शन का विरोध कर रहे हैं। सिख संगठनों ने गुरुवार को भी चंडीगढ़ प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा और फिल्म का प्रदर्शन रोकने की अपील की।
इसे देखते हुए अधिकारियों ने हरियाणा के कई स्थानों पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। जनवरी में पंजाब सरकार ने इस फिल्म पर रोक लगा दी थी। लेकिन फिर सेंसर बोर्ड द्वारा फिल्म को पास किए जाने के बाद बीते सप्ताह इसे प्रदर्शन की अनुमति दे दी गई। फिल्म शुक्रवार को देश के 4,000 सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है।
हरियाणा के एक पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को यहां कहा कि राज्य के कई स्थानों में परिस्थिति पर करीब से नजर रखी जा रही है, खासकर सिरसा, कुरुक्षेत्र, गुड़गांव, रोहतक, अंबाला और दूसरे जिलों में हालात पर नजर रखी जा रही है।
आपको बता दें, डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम ने फिल्म में खुद मुख्य भूमिका निभाई है और निर्देशन भी खुद ही किया है। उन्होंने फिल्म के गीत भी खुद ही लिखे और गाए हैं। राम रहीम के अनुयायियों का कहना है कि फिल्म किसी भी धर्म के खिलाफ नहीं है और सिर्फ सामाजिक बुराइयों का विरोध करती है।


Click it and Unblock the Notifications












