MSG:सेंसर बोर्ड में पास नहीं हुए रॉकस्टार बाबा राम रहीम, ये बातें आपत्तिजनक!
काफी दिनों से चर्चा में चल रहे बाबा राम रहीम और उनकी फिल्म मेसेंजर ऑफ गॉड सेंसर बोर्ड के मानकों पर खरी नहीं उतरी है और फिल्म को रोक दिया गया है। सेंसर बोर्ड को रॉकस्टार बाबा बिल्कुल भी पसंद नहीं आए और इसने फिल्म को कोई भी सर्टिफिकेट देने से मना कर दिया है। सेंसर बोर्ड ने फिलहाल डेरा सच्चा सौदा के चीफ गुरमीत राम रहीम सिंह की फिल्म मेसेंजर ऑफ गॉड को FCAT की रिव्यू कमिटी को रेफर कर दिया है। इसका मतलब है कि फिलहाल फिल्म परदे पर दिखाई नहीं देगी।
गौरतलब है कि फिल्म MSG को यू ट्यूब और सोशल साइट्स पर एक मिलियन से ज़्यादा हिट्स मिल चुके हैं। फिल्म में बाबा राम रहीम खुद को भगवान बता रहे हैं और ये बात सेंसर बोर्ड को काफी चिंताजनक लगी। हालांकि फिल्म 16 जनवरी को रिलीज़ होने वाली थी लेकिन फिलहाल सांप्रदायिक भावनाओं को देखते हुए फिल्म की रिलीज़ रोक दी गई है। पहले बाबा राम रहीम की ओर से बयान आया था कि वो कुछ सीन जो बेहद विषम है, अगर सेंसर बोर्ड चाहे तो फिल्म से हटा सकते हैं। उनका ये भी मानना है कि ना तो उन्होंने फिल्म में खुद को भगवान बनाने की कोशिश की है ना ही किसी धर्म या उसकी आस्था पर चोट की है।
ALSO READ: OMG: Pk और मेसेंजर ऑफ गॉड के बाद एक और फिल्म का विरोध
बोर्ड के एक सदस्य ने कहा कि धर्मगुरु ने खुद को भगवान की तरह पेश किया है और फिल्म विज्ञापन ज्यादा लग रही है। इसके साथ ही कुछ सीन्स में जादूगरी भी दिखाई गई है जो बेतुके हैं। अब फिल्म को बोर्ड की रिवाइजिंग कमेटी को भेजा गया है और रिवाइजिंग कमेटी फिल्म को आज देखेगी। फिल्म के प्रवक्ता आदित्य इंसान ने सेंसर बोर्ड के तर्क का विरोध किया है। उनका मानना है कि बाबा फिल्म के हीरो हैं और वही कर रहे हैं जो बाकी हीरो करते हैं - समाज के दुश्मनों से झगड़ रहे हैं। अब हम रिवाइजिंग कमेटी के फैसले का इंतजार कर रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications












