'मिस्टर इंडिया' रीमेक- अली अब्बास जफर पर भड़कीं सोनम कपूर, कहा- ये अपमान है
कुछ ही दिनों पहले निर्देशक अली अब्बास जफर ने फिल्म 'मिस्टर इंडिया' रीबूट की घोषणा की थी। फैंस को लंबे समय से इस फिल्म की रीमेक का इंतजार है, लिहाजा सभी उत्साहित हो उठे। खैर, फिल्म की घोषणा होते ही ओरिजनल मिस्टर इंडिया के निर्देशक शेखर कपूर ने नाराजगी जताई कि रीमेक को लेकर उन्हें भनक भी नहीं थी। वहीं, अब सोनम कपूर भी खफा हैं कि मेरे पिता अनिल कपूर से क्यों नहीं पूछा गया।
अली ने ट्विट कर बताया कि- "जी स्टूडियो के साथ फिल्म 'मिस्टर इंडिया' को लेकर काम कर रहा हूं, जो कि एक trilogy होगी। इस किरदार को लोगों से काफी प्यार मिला है, लिहाजा इसे आगे लेकर जाना एक बड़ी जिम्मेदारी है। फिलहाल इसकी कहानी पर काम चल रहा है। स्टारकास्ट अभी फाइनल नहीं हुई है।"

जिस पर शेखर कपूर ने कहा कि वे इस घोषणा को लेकर परेशान नहीं है लेकिन हैरान जरुर हैं। उन्होंने लिखा- 'मिस्टर इंडिया 2 के लिए किसी ने भी ना तो मुझसे इस बारे में पूछा और ना ही मुझे इस बारे में बात की.. मुझे लगता है कि वे इस टाइटल का इस्तेमाल केवल एक बड़े वीकेंड के लिए करना चाहते हैं क्योंकि वे इस फिल्म के किरदारों और कहानी को फिल्म के ओरिजिनल क्रिएटर्स से परमिशन लिए बिना इस्तेमाल नहीं कर सकते हैं..'
वहीं, अब सोनम कपूर ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा कि- "कई लोग मुझसे मि. इंडिया के रीमेक को लेकर सवाल कर रहे हैं। ईमानदारी से कहूं तो मेरे पिता को भी इस बारे में जानकारी नहीं थी कि फिल्म फिर से बनाई जा रही है। हमें यह सोशल मीडिया के जरिए तब पता चला, जब अली अब्बास जफर ने इस बारे में ट्वीट किया। अगर यह सही है तो यह अपमानजनक है। क्योंकि किसी ने मेरे पिता या शेखर अंकल से बात तक करने की जहमत नहीं उठाई.. उन दो लोगों से, जिन्होंने फिल्म की मेकिंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। यह दुखद है। क्योंकि यह वह फिल्म है, जिसे दिल से और कड़ी मेहनत से बनाया गया था। इससे मेरे पिता की भावनाएं जुड़ी हुई हैं। कमाई और घोषणाओं से ज्यादा यह उनकी विरासत का हिस्सा है। मैं मानती हूं कि किसी के काम और योगदान का सम्मान उतना ही जरूरी है, जितना कि बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ा वीकेंड।"
देखना दिलचस्प होगा कि अब निर्देशक अली अब्बास जफर इस पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं। कोई शक नहीं कि यह एक बड़ी फिल्म है और लोगों की उम्मीदें जुड़ी हुई हैं। बतौर अभिनेता फिल्म से फिलहाल रणवीर सिंह का नाम जोड़ा जा रहा है।


Click it and Unblock the Notifications













