'शोले को दोबारा कोई नहीं बना सकता'
हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्म शोले के सबसे लोकप्रिय किरदारों में से एक सांभा को निभाने वाले मैकमोहन का कहना है कि शोले दोबारा नहीं बन सकती. ऐसी फिल्में इतिहास में एक ही बार बनती हैं. शोले की रीमेक राम गोपाल वर्मा की आग के बारे में उनका कहना था इसे बनाने वाले रमेश सिप्पी भी इसे फिर से बनाएँ तो दोबारा वैसी फिल्म नहीं बन पाएगी.
मैकमोहन ने कहा कि राम गोपाल वर्मा ने दोबारा बनाने की कोशिश की, लेकिन उनका और उनकी फिल्म का क्या हाल हुआ ये किसी से छुपा नहीं है. अब आग की हालत के बाद वह अपनी भी किसी फिल्म का रीमेक बनाने का साहस नहीं करेंगे.
उन्होंने कहा कि शोले में उन्होंने कोई डॉयलॉग नहीं बोला, इसके बावजूद रमेश सिप्पी ने उनके रोल को बहुत सशक्त तरीके से पेश किया. मैकमोहन ने खुलासा किया कि पहले फिल्म की लंबाई 9 घंटे थी और फिल्म में हिंसा वाले दृश्य बहुत थे पर सेंसर के ऐतराज के बाद फिल्म के ज्यादातर सीन काटने पड़े. काटे गये दृश्यों में सबसे ज्यादा सीन मेरे और अमजद भाई के थे. उस समय तो हम दोनों थोड़ा डर गये थे, लेकिन रमेश सिप्पी पर हमें भरोसा था.
एक कार्यक्रम के सिलसिले में लखनऊ आये मैकमोहन ने एक और खुलासा करके सबको चौंका दिया कि वह लखनऊ के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी पढ़ाई यहीं पूरी की. मैकमोहन ने बताया कि वह मुंबई क्रिकेटर बनने गये थे लेकिन फिल्म निर्देशक चेतन आनंद ने उन्हें एक्टर बना दिया.


Click it and Unblock the Notifications