रामू की अगली फिल्म काले जादू पर

वर्मा ने साक्षात्कार में कहा, "पूरी तरह से काले जादू पर आधारित मेरी इस फिल्म में मैं बिल्कुल नए लोगों के साथ काम कर रहा हूं। चित्रों और चरित्रों के माध्यम से इस विषय को मैं अच्छी तरह से तैयार करना चाहता हूं।"
नौवें इंटरनेशनल इंडिया फिल्म एकेडमी (आइफा) पुरस्कार समारोह में चर्चित फिल्म 'सरकार राज' के प्रीमियर पर पहुंचे वर्मा ने कहा, "स्टार के रूप में खुद को स्थापित कर चुके कलाकार हर चरित्र के साथ पूरी तरह से इंसाफ नहीं कर पाते। वैसे भी दूसरों को चांस देने से बेहतर मैं खुद को चांस देना मानता हूं।"
बच्चन परिवार के तीन कलाकारों को एक साथ फिल्म 'सरकार राज' के माध्यम से परदे पर उतारने को लेकर मीडिया में कई बातें लिखी गईं, लेकिन निर्देशक वर्मा को इन बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता है। उनके अनुसार उन तीनों का अपना अलग व्यक्तित्व और पहचान है। वे एक ही परिवार के सदस्य हैं या नहीं, इससे उन्हें बहुत फर्क नहीं पड़ता।
'जेम्स' और 'रामगोपाल वर्मा की आग' जैसी फ्लॉप फिल्मों को लेकर वह कहते हैं, "मैं आलोचकों के लिए नहीं, बल्कि अपनी संतुष्टि के लिए फिल्में बनाता हूं। फिल्म बनाने के क्रम में हर एक पल को मैं एंज्वॉय करता हूं। मैं कहानी बताने वाला हूं। मेरे पास एक कहानी, कई कलाकार, परिस्थितियां और दृश्य हैं। उन सभी को एक साथ करके उसके जरिए मैं दर्शकों को प्रभावित करने की कोशिश करता हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications