दादा की राह चले नील नितिन मुकेश

उल्लेखनीय है कि मुकेश ने भी अपने करियर की शुरुआत फिल्म अभिनेता के रूप में की थी। बाद में गायन को ही उन्होंने अपने करियर के रूप में चुना।
फिल्म 'जॉनी गद्दार' से अपना अभिनय करियर शुरू करने वाले नील फिल्म 'फ्रीज' का शीर्षक गीत गाएंगे। प्रीतम चक्रबर्ती इसका संगीत तैयार करेंगे।
प्रीतम कहते हैं, "फिल्म 'फ्रीज' का शीर्षक गीत काफी हद तक 'जेम्स बांड' के शीर्षक गीत की तरह होगा, जो पूरी तरह फिल्म की थीम के साथ जमेगा। मैं हमेशा से मुकेश का प्रशंसक रहा हूं। उनके लिए न सही, उनके पोते के लिए भी संगीत तैयार करना मेरे लिए गर्व की बात होगी।"
नील ने कहा, "मैं बहुत अच्छा न सही, लेकिन किसी भी बाथरूम सिंगर से बेहतर गा सकता हूं। मैंने पापा के साथ कई स्टेज शो किए हैं।"
उन्होंने बताया कि एक वक्त ऐसा भी था जब वे समझ नहीं पा रहे थे कि गायन या अभिनय में से किसे करियर के रूप में चुनें।
नील कहते हैं, "दादाजी के गाने सुनकर मैं बड़ा हुआ हूं और पिता को उनकी प्रसिद्धि की परछाईं से निकलने की होड़ में संघर्ष करते देखा है। यही कारण है कि संगीत को करियर के रूप में चुनने को लेकर मैं डरता था।"
यशराज फिल्म्स की कबीर खान निर्देशित फिल्म में भी नील जल्दी ही अभिनय करते दिखेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications