'वेलकम' ने नाना को बनाया 3 गुना महंगा

नाना उत्साहित स्वर में कहते हैं कि 'क्रांतिवीर' और 'तिरंगा' के बाद 'वेलकम' ने उनका पारिश्रमिक तीन गुना बढ़ा दिया है।
नाना ने बताया, "फिल्म की सफलता से मैं बहुत खुश हूं। इस फिल्म के लिए निर्देशक अनीस बज़्मी सहित अनिल, अक्षय, मल्लिका और मैं, सभी ने खूब मेहनत की थी।"
उन्होंने कहा, "पहले कभी मैंने इतनी मेहनत नहीं की थी। एक बार फिर से अब मैं काम करने के लिए तैयार हूं। सबसे पहले तीन दिनों में मैं राकेश सारंग की फिल्म 'हॉर्न ओ.के.प्लीज' की शूटिंग खत्म कर रहा हूं।"
"पूजा भट्ट की फिल्म 'धोखा' से फिल्म इंडस्ट्री में अपनी उपस्थिति दर्ज करने वाले अभिनेता मुजम्मिल इब्राहिम, रिमी सेन, टेलीविजन कलाकार असगर अली.. ये सभी काफी प्रतिभाशाली हैं।"
"पता ही नहीं चला, 35 साल यूं ही निकल गए। मुजफ्फर अली की फिल्म 'गमन' से मैंने शुरुआत की थी। इधर-उधर थोड़ा-बहुत काम तो मैंने पहले भी किया था।"
तनुश्री के साथ आने वाली अपनी अगली फिल्म 'हॉर्न ओ.के. प्लीज' को लेकर 54 वर्षीय नाना काफी उत्साहित दिख रहे थे।
फिल्म के विषय में उन्होंने बताया, "यह एक अलग तरह की कॉमेडी फिल्म है जिसे करके मैंने खूब एंज्वॉय किया। जल्दी ही सतीश कौशिक के साथ मैं एक सच्ची घटना पर आधारित 'लाल बिहारी मृतक' फिल्म में नजर आऊंगा। इसमें खुद अपने ही जीवित होने का सबूत मैं दर-दर भटकते हुए पेश करता नजर आऊंगा।"
कहा जा सकता है कि इन दिनों नाना काफी व्यस्त हैं।


Click it and Unblock the Notifications