फिर 'कैप्टन व्योम' बनेंगें मिलिंद

43 वर्षीय मिलिंद ने कहा कि उन्हें धारावाहिक 'कैप्टन व्योम' की दूसरी श्रृंखला में अभिनय करने से बिल्कुल भी परहेज नहीं है। सन 2000 में दूरदर्शन के धारावाहिक 'कैप्टन व्योम' में व्योम का किरदार निभाकर मिलिंद काफी मशहूर हुए थे।
मिलिंद ने कहा, "कोई रोचक विषय मिला या खुद 'कैप्टन व्योम' की यदि ही दूसरी श्रृंखला बनाई गई, तो टेलीविजन में काम करने से मुझे बिल्कुल भी परहेज नहीं होगा।"
मिलिंद को आज भी अपने लिए सुपरमॉडल शब्द सुनकर बेहद खुशी होती है। वह कहते हैं, "मॉडलिंग छोड़े हुए लगभग 12 साल हो चुके हैं, लेकिन आज भी जब कोई मुझे सुपरमॉडल कहता है, तो अच्छा लगता है।"
राष्ट्रीय स्तर के तैराक और इलेक्ट्रिकल इंजीनियर रह चुके मिलिंद अपने स्वस्थ शरीर का राज खोलते हुए कहते हैं, "मैं बहुत ज्यादा जिम नहीं जाता, लेकिन अक्सर दौड़ता और तैराकी जरूर करता हूं।"
बालीवुड की दो फिल्मों के अलावा इन दिनों मिलिंद एक तेलुगु और एक मराठी फिल्म भी कर रहे हैं। उनकी मराठी फिल्म 'गंध' जुलाई तक रिलीज हो जाएगी।
'तरकीब', '16 दिसंबर', 'रूल्स : प्यार का सुपरहिट फॉर्मूला' और 'भेजा फ्राय' जैसी फिल्मों में काम कर चुके मिलिंद की प्रोडक्शन कंपनी 'मैग्जीमस इवेंट्स' कई शो और कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications