पितृ शोक से नहीं उबरी हैं काजोल

काजोल के एक करीबी मित्र के अनुसार, "पिता की मृत्यु से काजोल बुरी तरह आहत हैं। उनके माता-पिता अलग हो चुके थे इसलिए ज्यादा समय वह पिता के साथ नहीं बिता पाई थीं। उन्हें दुख है कि पिता के साथ वह बहुत वक्त नहीं बिता पाईं।"
उल्लेखनीय है कि काजोल की फिल्म 'यू, मी और हम' के प्रीमियर के दिन ही उनके पिता की मौत हो गई थी।
काजोल ने कहा, "पहले से बेहतर हूं। अपने काम में जुट गई हूं। मुझे बेटी और पति का भी ध्यान रखना होता है। अन्य कई जगहों पर भी जाना होता है। ऐसे में कुछ सोचने का वक्त नहीं मिलता।"
वह कहती हैं, "पिता लंबे समय से बीमार थे। शायद अब उन्हें सारे दर्द से निजात मिल गई होगी।"
'बाजीगर', 'करण अर्जुन', 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे', 'दुश्मन' और 'कुछ कुछ होता है' जैसी कितनी ही फिल्मों में जबरदस्त अभिनय कर चुकीं काजोल के लिए काम आशीर्वाद की तरह है।
वह मानती हैं कि अपने पसंदीदा काम के लिए लोग किसी भी तरह वक्त निकाल लेते हैं।
फिल्म 'यू, मी और हम' में अल्जाइमर्स पीड़ित युवती की भूमिका निभा चुकीं काजोल ने बताया कि उस किरदार में कुछ कमी न रह जाए इसलिए एक चिकित्सक की देखरेख में उन्होंने वैसे दृश्य किए थे।
काजोल हमेशा काम को सौ प्रतिशत देना चाहती हैं। कैमरा ऑन होते ही पूरी तरह उनका ध्यान अपने परफॉर्मेस की ओर हो जाता है।
काजोल कहती हैं, "मैं नंबर के खेल में कभी भी यकीन नहीं करती। सह-कलाकारों में से किसी का भी काम यदि बेहतरीन हुआ तो उसकी प्रशंसा अवश्य करती हूं।"
करण जौहर अपनी अगली फिल्म में भी काजोल को लेना चाहते हैं। इस पर काजोल कहती हैं, "फिल्म की पटकथा पढ़ने के बाद ही निर्णय कर पाऊंगी। वैसे करण हर फिल्म में मुझे लेना चाहते हैं। बेटी को लेकर विदेश में रूकना मुश्किल हो जाता है इसलिए उन्हें मना करना पड़ता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications