जॉन के जीवन में कोई आने वाला है

इस वीडियो एलबम में कुल 10 गाने हैं, जिसे फेसल कपाड़िया व बिलाल मकसूद की मशहूर जोड़ी ने रचा है। जॉन इब्राहम ने इसमें मुख्य भूमिका अदा की है। एलबम के जरिये संदेश दिया गया है कि भगवान ने प्रत्येक इंसान की मदद लिए एक फरिश्ता बनाया है लेकिन यहां फरिश्ता एक सुंदर लड़की के प्यार में पड़कर इंसान बन जाता है।
म्यूजिक दुनिया की जानी-मानी कंपनी सोनी बीएमजी और जॉन इब्राह्मम एंटरटेनमेंट ने मिलकर गत 19 मई को इसे भारत में प्रदर्शित किया। स्ट्रींग्स ने इसे चार वर्षो के कड़े परिश्रम के बाद तैयार किया है। इस एलबम के बारे में बिलाल ने कहा, "एलबम को चार वर्ष की कड़ी मेहनत के बाद तैयार किया गया है। मुझे यकीन है की हमारी मेहनत रंग लाएगी और दर्शक इसे खूब पसंद करेंगे।"
उल्लेखनीय है कि यह अब तक का सबसे महंगा हिंदी पॉप वीडियो एलबम है, जिसे 35 एमएम पर फिल्माया गया है। वहीं जॉन ने कहा "मुझे बेहद खुशी है कि मैंने जॉन इब्राह्मम एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड को म्यूजिक दुनिया की जानी-मानी कंपनी सोनी बीएमजी और 'कोई आने वाला है' जैसे एलबम के साथ लांच किया है। फेसल और बिलाल न सिर्फ मेरे अच्छे दोस्त हैं बल्कि मैं उनकी प्रतिभा की कद्र करता हूं। अब इंतजार है तो बस दर्शकों की प्रतिक्रियाओं का। "
सोनी बीएमजी के प्रबंध निदेशक श्रीधर सुब्रह्ममन्यम ने भी इस असाधारण प्रोजेक्ट के प्रति आशा व्यक्त की है और उम्मीद जताई है कि यह दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications