जोधा अकबर का म्यूज़िक लॉच
मुगल सल्तनत को विश्व के नक्शे में रोशन करने वाले अकबर की दरिया दिली से सभी वाकिफ हैं मगर जोधा बाई के प्रति उनका अथाह प्रेम आज भी इतिहास के पन्नो में कैद है. उस प्रेम को रुपहले पर्दे पर दर्शाने का जिम्मा लिया है आशुतोष गोवारिकर ने.
काफी दिनों से प्रतिक्षारत फिल्म 'जोधा अकबर" के संगीत से रुबरु करवाने के उद्देश्य से पिछले दिनों इस फिल्म का म्यूज़िक लौंच किया गया जिसमें कई गणमान्य अतिथियों ने हिस्सा लेकर आशुतोष तथा उनकी फिल्म का मान बढाया. इस समारोह का विशेष आकर्षण रहीं राजस्थान से आई जोधपुर की रॉयल फैमिली जिनमें महाराजा भवानी बृज राज सिंह जी तथा महारानी पद्मिनी जी सिंह का नाम प्रमुख है.
यह शख्सियत राजपूतानी जोधा बाई की तरफ से इस समारोह का हिस्सा बनने के लिए आए थे. इनके कर कमलों द्वारा 'जोधा अकबर" के संगीत का लोकार्पण किया गया. इस अवसर पर सबने अपने दिल की बात कही. अति उत्साहित आशुतोष की खुशी का अंदाज़ा इस बात से ही लगाया जा सकता था कि उनके पैर एक जगह रुक ही नहीं रहे थे. अपनी खुशी में सभी को शामिल करने के फेर में पडे आशुतोष फिल्म से जुडे हर शख्स को स्टेज पर आने की अपील कर रहे थे.
इस अवसर पर जोधपुर की महारानी पद्मिनी ने जोधा बाई को सेक्यूलरिज़्म का प्रतिक कहते हुए उसे मुगल सल्तनत को दिया गया खूबसूरत उपहार कहा. गीतकार जावेद खान ने आशुतोष गोवारिकर को इस बात के लिए धन्यवाद दिया क्योंकि जब सभी फिल्मकार प्यार के घिसे पिटे फार्मूले को बज़ार में चलाने की कोशिश कर रहे हैं उसी दौरान प्यार को अलग तरह से पेश कर आशुतोष दर्शकों के सामनें लाने की ज़िम्मेदारी अपने कंधो पर ले ली.
अकबर (ह्रितिक रोशन) की मां के रूप में काफी अरसे बाद रुपहले पर्दे पर जगमगाने वाली पूनम सिन्हा ने सबसे पहले अपने पति शत्रुघ्न सिन्हा को इस बात के लिए धन्यवाद दिया कि उन्होंने पूनम को एक बार फिर फिल्म में काम करने के लिए प्रोत्साहित किया.
सबसे आखिर में आए फिल्म के जोधा अकबर यानी कि ह्रितिक और ऐश्वर्या ने सबकी सांसों को जमा दिया जब उन्होंने अपने अनुभव उपस्थित लोगों से बांटे.
विशेष अतिथि में एक नाम जोधा (ऐश्वर्या राय बच्चन) के ससुर अमिताभ और मां वृंदा राय का भी था जो हम साथ-साथ है की तर्ज़ पर साथ साथ आए थे. 'लगान" के बाद एक बार फिर इस फिल्म के लिए वॉइस ओवर करने वाले अमिताभ ने भी आखिरकार फिल्म कलाकारों में अपना नाम लिखवा ही लिया.
12 अक्टूबर को रिलीज़ होने वाली फिल्म 'जोधा अकबर" 25 जनवरी से लुढकते हुए 15 फरवरी पर आकर रुकी है. हम आशा करते हैं कि वैलेंटाइन डे के दूसरे दिन सारा भारत ही नहीं पूरा विश्व प्यार के इस खूबसूरत जोडी से रुबरु हों.


Click it and Unblock the Notifications