जिमी शेरगिल को पसंद है अच्छा दिखना

अपनी फिल्म 'हंसते-हंसते' के प्रमोशन के लिए आज दिल्ली आए जिमी ने बातचीत में बताया कि अंगूठियां उन्हें बेहद पसंद हैं।
किसी अंधविश्वास के कारण कीमती नगों से जड़ी अंगूठियों को पहनने की बात वह खारिज करते हैं। उनका कहना है, "इन्हें पहनने की कोई खास वजह नहीं है। अगर आप मुझे एक और अंगूठी पहनने को कहेंगे तो मैं खुशी-खुशी पहन लूंगा।" इसके अलावा उनकी पसंदीदा पोशाक है सफेद कुर्ता-पायजामा।
अपनी फिल्म 'हंसते-हंसते' के बारे में वह कहते हैं, "यह युवा वर्ग की मनोरंजक फिल्म है। इसमें मेरा किरदार भी बहुत हल्का-फुल्का है। मुझे इस फिल्म में काम करके बहुत मजा आया।"
इसके अतिरिक्त जिमी अपनी आने वाली फिल्मों को लेकर भी काफी उत्साहित हैं। वह जल्द ही नीरज पांडे की 'वैडनसडे', अंजन दत्त की 'बीबीडी', सुजित सरकार की, 'शूबाइट' और अंजुम रिजवी की 'फ्लैट' में दिखाई देंगे।
जिमी निर्माता बनने की भी तमन्ना रखते हैं, लेकिन उनका कहना है कि अपनी फिल्मों में मुख्य भूमिका वह स्वयं निभाएंगे।
बड़े सितारों के छोटे पर्दे पर आगमन पर उनका कहना है कि अगर उन्हें भी किसी गेम शो का संचालन करने का मौका मिलेगा तो वह जरूर करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications