'डेढ़' में काम नहीं कर रहे हैं दर्शील

संपूर्ण पौष्टिक पेय 'हॉर्लिक्स' के ब्रांड एंबेसडर बन चुके दर्शील के लिए 'हॉर्लिक्स' का अर्थ है, 'टॉलर, स्ट्रांगर और शॉर्पर (लंबे, मजबूत और तीक्ष्ण)' और कूल का अर्थ है, 'स्पाइकी हेयर्स और खेलकूद।
दर्शील बताते हैं, "अभी मैं पूरा ध्यान सिर्फ पढ़ाई में देना चाहता हूं। इसके बाद दूसरे बच्चों की तरह मस्ती करना चाहूंगा। इसके बाद भी समय बचे तो फिल्में करने की सोच सकता हूं।"
दर्शील को अभिनय से भी ज्यादा नृत्य करना भाता है। 10 शक्तियों वाला 'वेंडेन' उनका पसंदीदा कार्टून कैरेक्टर है जबकि 'सिम्फोनी' पसंदीदा गेम। देश में दिल्ली और विदेश में स्विटजरलैंड जाना उन्हें सबसे ज्यादा पसंद है। दिल्ली का कुतुबमीनार व इंडिया गेट और आगरा का ताजमहल देखना उन्हें भाता है।
दर्शील की मां शीतल सफारी ने बातचीत करते हुए कहा, "दर्शील मुंबई स्थित 'ग्रीनलॉन स्कूल' के छठी कक्षा का छात्र है। स्कूल में हर गुरुवार टेस्ट होता है। इस बात का खास ख्याल रखते हुए कम से कम बुधवार और गुरुवार को दर्शील को पढ़ाई के अलावा और कुछ भी नहीं करने देते।"
शीतल अपने बच्चे की प्रसिद्धि से गौरवांवित हैं। वह बताती हैं, "महज 4 साल की उम्र से ही दर्शील कोरियोग्राफर श्यामक डावर के डांस क्लास 'समर फंक' में जाता था। 'तारे जमीन पर' के लिए आमिर खान को दर्शील का नाम भी उन्होंने ही सुझाया था।"
दर्शील का पसंदीदा कलाकार ऋतिक रोशन हैं। मौका मिला तो वह उनके साथ जरूर काम करना चाहेंगे। आमिर खान के विषय में दर्शील कहता है, "वह एक महान कलाकार और बेहतरीन निर्देशक के साथ-साथ मस्ती पसंद करने वाले एक बेहतरीन इंसान भी हैं।"
मार्च 9, 1997 को जन्मे दर्शील के परिवार में मां शीतल सफारी के अलावा मार्केटिंग व्यवसाय से जुड़े पिता मितेश सफारी और छह साल की एक छोटी बहन नेज्वी भी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications