शरद जोशी की कहानियों के अधिकार खरीदे
बॉलीवुड कलाकार अजय देवगन अभिनीत फिल्म 'अतिथि तुम कब जाओगे?" प्रख्यात लेखक शरद जोशी की लघु कथा पर आधारित है। किसी भी प्रकार की कॉपीराइट की परेशानी से बचने के लिए फिल्म के निर्माता ने कहानी पर फिल्म बनाने का अधिकार खरीद लिया है। जोशी की यह कहानी केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की नौंवी कक्षा की हिंदी की पाठ्यपुस्तक में शामिल है।
'अतिथि तुम कब जाओगे?" के निर्माता कुमार मंगत ने कहा, "यद्यपि यह कुछ हजार शब्दों की एक लघु कहानी है, फिर भी हम कोई जोखिम नहीं उठाना चाहते थे। किसी भी प्रकार के विवाद से बचने के लिए हमने उनकी बेटी से संपर्क किया और कहानी के अधिकार खरीद लिए।"
फिल्म एक अवांछित मेहमान (परेश रावल) के संबंध में है। यह मेहमान अजय देवगन और कोंकणा सेन शर्मा अभिनीत विवाहित जोड़े के घर रहने के लिए पहुंच जाता है और वहां अपने रुकने की अवधि लगातार बढ़ाता रहता है। अवांछित मेहमान से परेशान यह जोड़ा उसके जाने के लिए प्रार्थना करता है।
कई किताबें, लघु कहानियां और अखबारों में स्तंभ लिखने के अलावा शरद जोशी ने 'ये जो है जिंदगी" और 'विक्रम और बेताल" जैसे टेलीविजन धारावाहिकों के निर्माण में योगदान दिया था। उन्होंने 'दिल है कि मानता नहीं" (1991), 'छोटी सी बात", 'नाम" (1986) और 'चमेली की शादी" (1986) जैसी फिल्मों के संवाद भी लिखे थे।
'ओमकारा", 'संडे" और 'नो स्मोकिंग" जैसी फिल्मों का निर्माण कर चुके कुमार मंगत की फिल्म 'अतिथि तुम कब जाओगे?" की जोर-शोर से शूटिग चल रही है। अश्विनी धीर इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं। आगामी 26 फरवरी को इस फिल्म का प्रदर्शन होगा।


Click it and Unblock the Notifications











