मोहित सूरी ला रहे हैं 'सैयारा' का चौथा रोमांटिक गाना हमसफर, जानिए कब होगा रिलीज?

Saiyaara Song- यशराज फिल्म्स और मोहित सूरी की आगामी रोमांटिक फिल्म सैयारा इस साल की सबसे बेहतरीन म्यूजिक एल्बम्स में से एक बनकर उभर रही है। फिल्म के अब तक रिलीज हुए तीन गाने, टाइटल ट्रैकसैयारा , जुबिन नौटियाल का बर्बाद और विशाल मिश्रा का तुम हो तो, सभी को दर्शकों ने भरपूर प्यार दिया है और ये गाने हिट हो चुके हैं।
अब, इस एल्बम का चौथा गाना भी रिलीज के लिए तैयार है, हमसफ़र, जिसे लोकप्रिय संगीतकार जोड़ी सचेत-परंपरा ने गाया है। यह गाना एक बार फिर रोमांस की दुनिया में डूबने का मौका देगा, और इसका थीम है: "प्यार सही मायनों में तभी असर करता है जब साथ सही हो।" यह गाना मोहित सूरी और साचेत-परंपरा की पहली साझेदारी है, और इसी कारण इस गाने को लेकर उम्मीदें बहुत ऊंची हैं।
गाने की रिलीज से पहले, वाईआरएफ ने फिल्म के मुख्य कलाकार अहान पांडे और अनीत पड्डा की एक नई तस्वीर साझा की है, जो हमसफ़र गाने से ली गई है। यह तस्वीर फिल्म में उनके रोमांटिक सफ़र की एक झलक देती है, और साथ ही उनके बीच की जबरदस्त केमिस्ट्री और दिलचस्प प्रेम कहानी को भी उजागर करती है।
सैयारा यशराज फिल्म्स और मोहित सूरी के बीच पहला ऐसा सहयोग है, जिसमें दोनों प्रेम कहानियों के निर्माण के लिए प्रसिद्ध हैं। फिल्म का टीज़र, जो गानों की रिलीज से पहले जारी किया गया था,उसको भी काफी सराहना मिली है। दर्शकों और समीक्षकों ने नवोदित कलाकारों की केमिस्ट्री और अभिनय कौशल को बहुत पसंद किया।
गानों के अलावा, फिल्म का शीर्षक सैयारा भी दर्शकों की दिलचस्पी का कारण बना है। 'सैयारा' का अर्थ होता है एक भ्रमणशील आकाशीय पिंड - लेकिन शायरी में इसका उपयोग किसी ऐसे तत्व (या व्यक्ति) के लिए किया जाता है जो चकाचौंध से भरपूर हो, स्वप्निल हो, अलौकिक हो - एक भटकता हुआ तारा, जो हमेशा चमकता है, राह दिखाता है, लेकिन फिर भी पकड़ से दूर रहता है।
फिल्म से यशराज एक नया हीरो लॉन्च कर रहा है - अहान पांडे को, और इसके साथ ही कंपनी ने अभिनेत्री अनीत पड्डा को वाईआरएफ की अगली प्रमुख नायिका के रूप में चुना है, जिन्होंने बिग गर्ल्स डोंट क्राई में शानदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीता था।
सैयारा का निर्माण यशराज फिल्म्स के सीईओ अक्षय विधानी द्वारा किया गया है, और यह फिल्म 18 जुलाई 2025 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
पिछले 50 वर्षों में वाईआरएफ ने यश चोपड़ा और आदित्य चोपड़ा के निर्देशन में भारतीय सिनेमा को कई कल्ट प्रेम कहानियां दी हैं। वहीं मोहित सूरी, जो इस साल अपने फिल्मी करियर के 20 वें वर्ष में हैं, उन्होंने आशिकी 2, मलंग, एक विलेन जैसी यादगार रोमांटिक फिल्में निर्देशित की हैं।


Click it and Unblock the Notifications











