Mohan Babu Controversy: पहले अपने बेटे की पोल खोलने के लिए रिपोर्टर्स को बुलाया, फिर उन्हीं का सिर फोड़ा

Mohan Babu Controversy: मंगलवार रात को एक पत्रकार से हुई कहासुनी के बाद दिग्गज तेलुगू अभिनेता मोहन बाबू को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पत्रकार ने मोहन बाबू के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पत्रकार ने आरोप लगाया है कि एक्टर ने कैमरे के सामने ही उनका माइक पकड़ लिया और उनसे मारपीट की।
Mohan Babu का हेल्थ अपडेट
परसों ही मोहन बाबू के बेटे मांचू मनोज को गर्दन में ब्रेस के साथ अस्पताल से बाहर निकलते देखा गया। कल उन्होंने अपनी बेटी से मिलने के लिए जबरदस्ती अपने घर में घुसने की कोशिश की। मंगलवार शाम को हुई मारपीट के कई वीडियो वायरल हुए हैं। रिपोर्टर से मारपीट के बाद मोहन बाबू को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हैदराबाद के कॉन्टिनेंटल हॉस्पिटल्स की ओर से एक हेल्थ बुलेटिन जारी किया गया, जिसमें बताया गया कि एक्टर को इमरजेंसी में लाया गया था।
बुलेटिन में लिखा है- 'फेमस फिल्म पर्सनैलिटी और राज्यसभा के पूर्व सदस्य डॉ. मंचू मोहन बाबू को 10 दिसंबर 2024 को रात 8:30 बजे हैदराबाद के गाचीबोवली स्थित कॉन्टिनेंटल हॉस्पिटल के इमेरजेंसी वार्ड में लाया गया, जहां उन्हें शरीर में दर्द, घबराहट और बेहोशी की शिकायत थी।'
बुलेटिन में आगे लिखा गया- 'इमरजेंसी वार्ड के स्पेशलिस्ट ने उन्हें तत्काल और जरूरी इलाज दिया और गहन जांच के बाद, पाया गया कि उनकी बाईं आंख के नीचे एक चोट है और उन्हें हाई बीपी, बढ़ी हार्ट रेट और हार्ट की स्पीड में उतार-चढ़ाव की शिकायत है।' मोहन बाबू फिलहाल अस्पताल में निगरानी में हैं।
क्या है कॉन्ट्रोवर्सी
मोहन बाबू और उनके बेटे मांचू मनोज के बीच पारिवारिक विवाद तब लोगों की नजरों में आया जब दिग्गज अभिनेता ने अपने बेटे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जिसमें आरोप लगाया गया कि मनोज और उनकी पत्नी भूमा मौनिका ने उनके घर पर कब्जा करने की 'साजिश' रची है।
मोहन बाबू ने एक ऑडियो भी जारी किया जिसमें कहा गया कि उनका छोटा बेटा शराबी है। कथित तौर पर पिटाई के बाद मनोज ने पुलिस सुरक्षा की भी मांग की। मंगलवार को हुई घटनाओं के बारे में बात करते हुए, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मनोज ने जलपल्ली में अपने पिता के घर के दरवाजे जबरन खोले और दावा किया कि उनकी बेटी घर के अंदर है।
घटना के समय कई पत्रकार भी मौजूद थे। कुछ मिनट बाद, सुरक्षाकर्मियों ने मनोज को बाहर धकेल दिया। हालाँकि, जब मोहन बाबू ने कथित तौर पर एक पत्रकार पर हमला किया तो मामला हाथ से निकल गया। समाचार एजेंसी एएनआई द्वारा दिखाए गए पुलिस एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता ने कहा कि वह मनोज ही थे, जिन्होंने दूसरे पत्रकारों के साथ अपने घर में घटना को कवर करने के लिए बुलाया था।
इस हमले में पत्रकार के सिर में चोट आई है और कथित तौर पर खून बह रहा है। पत्रकार ने मोहन बाबू के खिलाफ पहाड़ी शरीफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें शमशाबाद के ट्राइडेंट अस्पताल में इलाज मिला।
मोहन बाबू के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने बुधवार को बताया कि वीडियो पत्रकार पर हमला करने के आरोप में मोहन बाबू के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अपनी शिकायत में पत्रकार ने कहा कि जब वह 10 दिसंबर को मोहन बाबू के जलपल्ली स्थित आवास पर अभिनेता और उनके छोटे बेटे मनोज के बीच चल रहे "विवाद" को कवर करने गया था, तो वरिष्ठ अभिनेता ने उनसे और दूसरे पत्रकारों के साथ आक्रामक हो गए।
उन्होंने कथित तौर पर माइक्रोफोन छीन लिया, "अपमानजनक और अभद्र भाषा" का इस्तेमाल किया और उन्होंने पत्रकार पर हमला किया, जिससे उसके सिर में चोट लग गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 35 वर्षीय पत्रकार द्वारा दर्ज की गई शिकायत के आधार पर पहाड़ीशरीफ पुलिस थाने में बीएनएस की धारा 118 (1) (स्वेच्छा से खतरनाक हथियारों या पदार्थों का उपयोग करके चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।


Click it and Unblock the Notifications











