मोनिकांगना: भंसाली ने की थी 'गुजारिश'
दत्ता ने कहा, "मैंने 'गुजारिश' में काम करने की स्वीकृति इसलिए दी क्योंकि यह संजय लीला भंसाली की फिल्म थी। जब उन्होंने खुद मुझे फोन किया तो मैं अचंभित रह गई। दूसरा अचंभा मुझे तब हुआ जब उन्होंने मेरे सामने फिल्म का प्रस्ताव रखा। मैंने तुरंत स्वीकृति दे दी।" उन्होंने बताया कि 'गुजारिश' में वह अभिनेता ऋतिक रोशन की प्रेमिका की भूमिका में हैं।
'इच्छामृत्यु'पर आधारित यह फिल्म 19 नवंबर को प्रदर्शित होने जा रही है। ऐश्वर्या राय और अभिषेक रॉय कपूर ने भी इसमें अभिनय किया है। दत्ता 'गुजारिश' की शूटिंग के दौरान थोड़ी घबराई हुई थीं। वह कहती हैं कि उनके लिए कैमरे का सामना करना कोई नई बात नहीं थी लेकिन अभिनय करते हुए उन्हें डर लग रहा था।
उन्होंने कहा, "मैं फिल्मों में काम करना नहीं चाहती थी क्योंकि मैं अपने सपनों की फंतासी से भरी मॉडलिंग की दुनिया में डूबी हुई थी। मेरे पास 'गुजारिश' से पहले भी फिल्मों के कई प्रस्ताव आए थे लेकिन मैंने उनके लिए हां नहीं कहा क्योंकि तब मैं भारत में नहीं होती थी, मैं दुनियाभर में यात्राएं कर रही थी।"
दत्ता ने बताया कि उन्हे डर लगता था कि यदि उन्होने फिल्मों में काम किया तो उनका मॉडलिंग करियर प्रभावित हो सकता है, इसलिए वह अब तक अभिनय के प्रस्ताव ठुकराती रही थीं। उन्होंने कहा कि उनके लिए इस फिल्म में काम करने की स्वीकृति देना एक बहुत बड़ा फैसला था क्योंकि उस समय वह मॉडलिंग व्यवसाय में चोटि पर थीं।


Click it and Unblock the Notifications












