मराठी सिनेमा को कुचला गया? 'येरे येरे पैसा 3' की जगह 'सैयारा', खोपकर ने दी आंदोलन की धमकी!

Yere Yere Paisa 3 controversy: महाराष्ट्र में एक नया विवाद सामने आया है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) की फिल्म यूनिट के अध्यक्ष अमेय खोपकर ने आरोप लगाया है कि उनकी मराठी फिल्म 'येरे येरे पैसा 3' को मल्टीप्लेक्स में जगह नहीं दी जा रही है, क्योंकि हिंदी फिल्म 'सैयारा' को तरजीह दी जा रही है।
'फिल्म को जानबूझकर हटाया गया'
अमेय खोपकर ने कहा कि उनकी फिल्म 'येरे येरे पैसा 3' 18 जुलाई को महाराष्ट्र में रिलीज हुई थी और लोगों से अच्छे रिएक्शन भी मिले। लेकिन एक हफ्ते के अंदर ही कई सिनेमाघरों ने उनकी फिल्म की स्क्रीनिंग बंद कर दी और उसी जगह यशराज फिल्म्स की हिंदी फिल्म 'सैयारा' को दिखाया जाने लगा।
उन्होंने बताया कि मुंबई के दादर स्थित प्लाजा सिनेमा के साथ कई थियेटरों में सैयारा को चारों शो दिए गए, जबकि उनकी फिल्म को पूरी तरह हटा दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया- 'जब मुंबई जैसे शहर में मराठी फिल्म को स्क्रीन नहीं मिल रही है, तो और कहां मिलेगी?'
'अगली बार विरोध करूंगा'
खोपकर ने कहा, 'अभी मैं अपनी फिल्म के लिए विरोध नहीं कर रहा, क्योंकि मैं नहीं चाहता कि मेरी फिल्मों को विवाद से जोड़ा जाए। लेकिन अगर भविष्य में किसी और मराठी फिल्म के साथ ऐसा हुआ, तो मैं मल्टीप्लेक्स के शीशे तोड़ दूंगा।'
राजनीतिक सपोर्ट भी मिला
इस मामले को लेकर अब राजनीति भी तेज हो गई है। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा- 'येरे येरे पैसा 3 को हटाकर सैयारा को जगह देना अब आम हो गया है। अब मराठी फिल्मों के लिए लड़ाई और तेज करनी होगी।'
वहीं, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना की सिनेमा शाखा ने भी बांद्रा के एक पीवीआर मल्टीप्लेक्स के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार के उस नियम को लागू किया जाए जिसमें मल्टीप्लेक्सों को क्षेत्रीय फिल्मों के लिए स्क्रीन देना अनिवार्य किया गया है।
कमाई के आंकड़े क्या कहते हैं?
बॉक्स ऑफिस पर 'येरे येरे पैसा 3' ने अब तक करीब 78 लाख रुपये की कमाई की है। दूसरी तरफ, अहान पांडे और अनीत पड्डा स्टारर 'सैयारा' ने भारत में ही 190 करोड़ रुपये से ज़्यादा का बिजनेस कर लिया है।
'येरे येरे पैसा 3' के बारे में
'येरे येरे पैसा 3' का डायरेक्शन संजय एस. जाधव ने किया है और इसे करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस ने प्रस्तुत किया है। इस फिल्म के निर्माता हैं- सुधीर कोलटे, ओंकार सुषमा माने, अमेय खोपकर, स्वाति खोपकर, ओम प्रकाश भट्ट, नासिर शरीफ, निनाद नंदकुमार बातिन और गिरिधर धूमल।


Click it and Unblock the Notifications