माइकल जैकसन की पहली बरसी

माइकल जैकसन की पहली बरसी

किंग ऑफ़ पॉप कहलाने वाले माइकल जैकसन की आज पहली पुण्यतिथि है. इस मौके पर बीबीसी ने कुछ गायकों, संगीतकारों और कोरियोग्राफ़र्स से बातचीत की.

संगीतकार जोड़ी विशाल-शेखर के विशाल डडलानी मानते हैं कि माइकल जैकसन शब्दों से बड़ी हस्ती हैं. वो कहते हैं, “एक युग में एक ही ऐसा आर्टिस्ट पैदा होता है. 1983-84 में हॉटट्रैक्स नाम का टीवी शो आता है जिसमें मैंने पहली बार बीट इट गाना सुना था और उस गाने ने मेरी ज़िंदगी बदल दी.”

पिछले साल जब माइकल जैकसन का निधन हुआ तब गायक सोनू निगम लॉस एंजेलिस में ही थे. वो कहते हैं, “शाम को मैं उनके घर के बाहर पहुंचा जहां लोग जमा थे. मैंने, मेरे बेटे और पत्नी ने और लोगों की ही तरह मोमबत्ती जलाई थी.”

संगीतकार अनु मलिक ख़ुद को भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें 1996 में मुंबई में माइकल जैकसन के कॉन्सर्ट को देखने का मौका मिला. वो कहते हैं, “जब उन्होंने मुंबई में परफॉर्म किया तो मैंने वो कन्सर्ट देखा था. स्टेज पर माइकल की मूर्ति रखी थी. मैं जल्दी पहुंच गया था और दो घंटे बाद जब कॉन्सर्ट शुरु हुआ तो मुझे देखकर हैरानी हुई कि जिसे मैं मूर्ति समझ रहा था वो असल में माइकल जैक्सन ख़ुद थे. आप सोचिए उस इंसान में कितना धैर्य और इच्छाशक्ति थी.”

1996 के उसी कॉन्सर्ट में कोरियोग्राफ़ी गणेश हेगडे ने ओपनिंग ऐक्ट किया था. वो कहते हैं, “मैंने माइकल जैक्सन का पहला गाना थ्रिलर देखकर अपनी डांसिंग की शुरुआत की. मैंने उनके कॉन्सर्ट में ओपनिंग ऐक्ट किया था. मेरे लिए सपना पूरा होने जैसा था. मैं उनसे मिला और उन्हें बताया कि मैं इस शो को कोरियोग्राफ़ कर रहा हूं क्योंकि मैं उन्हें बताना चाहता था कि मैंने उनसे प्रेरणा ली है. उस पूरे शो के दौरान मेरी आंखों में आंसू थे.”

‘स्लमडॉग मिलियनेयर’ में जय हो गाने की कोरियोग्राफ़ी करने वाले लॉजिन्स फ़र्नान्डेस कहते हैं, “अपने करियर के शुरुआत में जब मैं डांस शोज़ में हिस्सा लेता था तो हमेशा माइकल जैक्सन के जैसे ही डांस करता था क्योंकि मैं कुछ अलग करना चाहता था. सबने किसी-न-किसी तरह से उनकी नक़ल की है. मैंने उनके सभी वीडियो देखे और उनसे काफ़ी कुछ सीखा है और आज तक उनके नाम की रोटी खा रहा हूं.”

पाकिस्तानी बैंड ‘स्ट्रिंग्स’ के सिंगर फ़ैसल कपाड़िया को माइकल जैक्सन का ‘वी आर द वर्ल्ड’ गाना सबसे ज़्यादा पसंद है. वो कहते हैं, “माइकल जैक्सन की सोच सबसे अलग थी. उनके वीडियोज़ और स्टेज कार्यक्रम बहुत अलग थे. पॉप इंडस्ट्री में उनके जैसे इंसान का दोबारा होना बहुत मुश्किल है.”

भारतीय बैंड ‘परिक्रमा’ के कीबोर्ड प्लेयर सुबीर मलिक कहते हैं कि वो माइकल जैक्सन की वजह से ही संगीत में हैं. वो कहते हैं, “1984 में ग्रैमी के दौरान मैंने उन्हें देखा था और तब से ही मेरी संगीत में रुचि हुई. उस समय हर कोई उनकी तरह डांस करना चाहता था और उनकी तरह से दिखना चाहता था.

चालीस साल से गा रहीं उषा उथुप कहती हैं कि वो माइकल जैक्सन की फ़ैन रही हैं. वो कहती हैं, “मैं शायद पहली भारतीय आर्टिस्ट हूं जिसने 1980 में माइकल जैक्सन के गाने का वर्ज़न गाया था. ऑफ़ द वॉल एलबम का गाना डॉन्ट स्टॉप टिल यू गेट इनफ़ को एडॉप्ट किया था और हिंदी में गाना बनाया.”

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+
X