‘पठान’ की आंधी के बीच मिथुन चक्रवर्ती की ‘प्रजापति’ बनी तीसरी सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म

'पठान' की आंधी के बीच मिथुन चक्रवर्ती की बांग्ला फिल्म 'प्रजापति' पूरी तरह से डटी हुई है। सिनेमा हॉल में इस फिल्म ने 50 दिन पूरे कर लिये हैं। पिता-पुत्र के रिश्ते पर बनी इस फिल्म में बांग्ला फिल्मों के सुपरस्टार देव ने मुख्य भूमिका निभाई है। वहीं देव के पिता की भूमिका में मिथुन चक्रवर्ती नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही इस फिल्म में दिग्गज नृत्यांगना ममता शंकर भी प्रमुख भूमिका में नजर आयी हैं। पश्चिम बंगाल में 'पठान' को लेकर लोगों में उत्साह की कोई कमी नहीं दिखी। खासतौर पर कोलकाता में शाहरुख खान के फैंस ने इस फिल्म के रिलीज होने के बाद जुलूस निकालकर अपनी खुशी जाहिर की थी, जिसे बाद में खुद शाहरुख खान ने भी ट्वीट किया था। लेकिन इन सबके बीच मिथुन चक्रवर्ती की फिल्म 'प्रजापति' अपनी जगह बनाने में कामयाब रही।
'प्रजापति' ने सिनेमा हॉल में सफलतापूर्वक 50 दिन पूरे कर लिये हैं। इसके साथ ही इस फिल्म ने कमाई के लिहाज से भी रिकॉर्ड बना डाला है। 'प्रजापति' बांग्ला फिल्म इंडस्ट्री की तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म ने 49 दिनों में बॉक्स ऑफिस पर 12 करोड़ रुपये से ज्यादा की ग्रॉस कमाई कर ली है। एक क्षेत्रीय सिनेमा के तौर पर यह बांग्ला फिल्मों के लिए रिकॉर्ड आंकड़ा है। 'प्रजापति' तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गयी है। 'अमेजॉन अभियान' बांग्ला फिल्म इंडस्ट्री की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है। इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड 20 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इसके बाद दूसरे नंबर पर 'चांदेर पाहाड़' है जिसने 18 करोड़ का कलेक्शन किया था। बता दें, बांग्ला फिल्म इंडस्ट्री की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तीनों फिल्मों 'अमेजॉन अभियान', 'चांदेर पाहाड़' और 'प्रजापति' में लीड एक्टर देव ही हैं।
'प्रजापति' ने कई तरह की मुश्किलों का सामना करने के बाद ही यह रिकॉर्ड बनाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म 'पठान' के डिस्ट्रीब्यूटर्स ने सिंगल स्क्रीन थिएटर्स के मालिकों के सामने शर्त रखी थी कि अगर उन्हें 'पठान' चलानी है तो दिन के सारे शो उन्हें शाहरुख खान के नाम ही करनी होगी। इसका मतलब है कि सिंगल स्क्रिन के पास दूसरी किसी फिल्म को चलाने का कोई विकल्प नहीं था। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि 'प्रजापति' को कितनी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। वहीं कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल जैसे बड़े इवेंट में भी पश्चिम बंगाल सरकार के सिनेमा हॉल नंदन में 'प्रजापति' को एक भी स्क्रीन नहीं मिला था। इसके लिए देव ने ट्वीट कर अपना अफसोस भी जताया था। इस ट्वीट को लेकर काफी राजनीतिक विवाद भी उत्पन्न हो गया था। वहीं दूसरी तरफ, 'पठान' ने पश्चिम बंगाल में 13 दिनों में 29 करोड़ का कलेक्शन कर डाला था।


Click it and Unblock the Notifications













