Mission Majnu Release Date: सिद्धार्थ मल्होत्रा - रश्मिका मंदाना की नेटफ्लिक्स फिल्म की तारीख हुई लीक

Mission Majnu Release Date: सिद्धार्थ मल्होत्रा [Sidharth Malhotra] और रश्मिका मंदाना [Rashmika Mandanna] मिशन मजनू काफी समय से चर्चा से बाहर है लेकिन अब इस फिल्म ने सुर्खियों में वापसी की है एक धमाकेदार अपडेट के साथ। दरअसल, RSVP फिल्म्स द्वारा प्रोड्यूस की गई इस फिल्म की रिलीज़ डेट लीक हो चुकी है। रिपोर्ट्स की मानें तो ये फिल्म 18 जनवरी 2023 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ हो रही है।
गौरतलब है कि मिशन मजनू, असली कहानी पर आधारित एक फिल्म है। इस फिल्म से साउथ सुपरस्टार रश्मिका मंदाना अपना बॉलीवुड डेब्यू करने वाली थीं लेकिन कोरोना के चक्कर में ये फिल्म काफी समय तक अटक गई। अब ये फिल्म थिएटर छोड़कर सीधा ओटीटी पर रिलीज़ होने जा रही है।
मिशन मजनू को शांतनु बागची डायरेक्ट कर रहे हैं और इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और रश्मिका मंदाना शारिब हाशमी और कुमुद मिश्रा के किरदार में दिखाई देने वाले हैं। फिल्म एक असली कहानी पर आधारित है जो कि पाकिस्तान के एक बड़े मिशन को नाकाम करती है। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा एक RAW एजेंट के किरदार में दिखाई देंगे।

शेरशाह के बाद बन चुके हैं योद्धा
गौरतलब है कि शेरशाह ने सिद्धार्थ मल्होत्रा के करियर की पूरी दिशा ही बदल दी है। इस फिल्म की सफलता के बाद सिद्धार्थ मल्होत्रा की फैन फॉलोइंग में जहां रातों रात इज़ाफा हुआ है वहीं उनके पास प्रोजेक्ट्स की भरमार हो चुकी है। सिद्धार्थ मल्होत्रा शेरशाह के बाद धर्मा प्रोडक्शन्स की योद्धा की शूटिंग भी शुरू कर चुके हैं। ये फिल्म भारत की सबसे बड़ी Aerial Action फिल्म बताई जा रही है। हालांकि, हाल ही में आई अजय देवगन की फिल्म थैंक गॉड में सिद्धार्थ मल्होत्रा ज़्यादा ध्यान नहीं खींच पाए हैं।

रोहित शेट्टी के कॉप
सिद्धार्थ मल्होत्रा, रोहित शेट्टी के वेब सीरीज़ इंडियन पुलिस फोर्स के भी हीरो हैं। ये वेब सीरीज़ रोहित शेट्टी की कॉप यूनिवर्स का ही हिस्सा मानी जा रही है और इसे रोहित शेट्टी के असिस्टेंट अमेज़ॉन प्राईम वीडियो के लिए डायरेक्ट कर रहे हैं। इस वेब सीरीज़ में सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ शिल्पा शेट्टी, विवेक ओबेरॉय भी दिखाई देंगे।

कियारा के साथ लव स्टोरी
वहीं रिपोर्ट्स की मानें तो अपनी लव स्टोरी की चर्चा के बीच और शादियों की तैयारी के बीच सिद्धार्थ मल्होत्रा, कियारा आडवाणी के साथ धर्मा प्रोडक्शन्स के लिए एक लव स्टोरी भी साइन कर चुके हैं। इस बीच उनकी शादी की तैयारियां भी ज़ोर शोर से चल रही हैं और माना जा रहा है कि दिसंबर में वो कियारा आडवाणी के साथ सात फेरे ले लेंगे।

हो चुका है रश्मिका का डेब्यू
बात करें रश्मिका मंदाना की तो भले ही वो मिशन मजनू के साथ अपना फिल्म डेब्यू करने वाली थीं लेकिन कोरोना के बीच मिशन मजनू अटक गई। ऐसे में विकास बहल के साथ उनकी फिल्म गुडबाय पूरी होकर रिलीज़ हो गई और ये फिल्म रश्मिका का हिंदी डेब्यू बन गई। हालांकि, इस फिल्म के साथ रश्मिका मंदाना, ज़्यादा तारीफें नहीं बटोर पाईं और ना ही ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल दिखा पाई।

रणबीर के साथ बनेगी जोड़ी
मिशन मजनू के अलावा, रश्मिका मंदाना की झोली में इस समय संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म एनिमल है जहां उन्होंने परिणीति चोपड़ा को रिप्लेस किया है। इस फिल्म में रश्मिका मंदाना रणबीर कपूर के अपोज़िट दिखाई देंगी। फिल्म एक साईकोलॉजिकल फैमिली ड्रामा है जहां रश्मिका, रणबीर कपूर की पत्नी के किरदार में दिखाई देने वाली हैं।

निजी जीवन की चर्चा
सिद्धार्थ मल्होत्रा की ही तरह, रश्मिका मंदाना का भी निजी जीवन काफी सुर्खियों में हैं। उनकी और विजय देवरकोंडा की प्राइवेट हॉलीडे की तस्वीरें हाल ही में वायरल हुई हैं। इन तस्वीरों में भले ही रश्मिका और विजय अलग अलग हैं लेकिन दोनों के चश्मे और तस्वीरों का बैकग्राउंड एक जैसा है जिसके बाद माना जा रहा है कि दोनों की डेट करने की खबरों में सच्चाई है। वैसे भी इस अफवाह पर जान्हवी कपूर, सारा अली खान और अनन्या पांडे मुहर लगा चुकी हैं।

मिशन मजनू में दिखेगी सिद्धार्थ - रश्मिका की जोड़ी
मिशन मजनू में सिद्धार्थ मल्होत्रा और रश्मिका मंदाना की जोड़ी एक साथ दिखने वाली है। इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा, शेरशाह के बाद एक बार फिर से इंटेंस किरदार में दिखाई देंगे। वहीं रश्मिका के किरदार से अभी तक ज़्यादा परदा नहीं उठाया गया है। पुष्पा में अपने किरदार और वायरल गाने सामी सामी से दर्शकों का दिल जीतने के बाद रश्मिका मंदाना अब हिंदी दर्शकों में भी अपनी फैन फॉलोइंग बढ़ा रही हैं। मिशन मजनू, नेटफ्लिक्स पर 18 जनवरी 2023 से स्ट्रीम होगी।


Click it and Unblock the Notifications











