पाकिस्तान में डेटिंग रियलिटी शो और होस्ट आएशा उमर पर भड़की मिशी खान- छोटे कपड़े पहनकर...

Pakistan First Dating Reality Show Lazawal Ishq: मशहूर अदाकारा और टीवी होस्ट मिशी खान ने आने वाले डेटिंग रियलिटी शो 'लाज़वाल इश्क़' और इसकी मेज़बान आयशा ओमर को लेकर खुलकर अपनी नाराज़गी जाहिर की है। यह शो तुर्की के लोकप्रिय शो 'आश्क़ ओदासी' से प्रेरित बताया जा रहा है और जल्द ही यूट्यूब पर प्रसारित किया जाएगा।
मिशी खान ने एक वीडियो में कहा कि पाकिस्तान में अक्सर विदेशी कार्यक्रमों की गलत बातें अपनाई जाती हैं, जबकि उनके अच्छे पहलुओं की अनदेखी की जाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या वाकई देश को ऐसे शो की ज़रूरत है?
आयशा ओमर पर भी निशाना
मिशी खान ने शो की मेज़बान आयशा ओमर को लेकर भी कड़ी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि भले ही आयशा ओमर इस तरह का शो होस्ट करने के लिए "सबसे बेहतर विकल्प" हो सकती हैं, लेकिन उनका यह कहना कि उन्हें सिर्फ इसलिए चुना गया क्योंकि वे उर्दू बोलती हैं - "शर्मनाक" और "ग़ैरज़रूरी" है।
मिशी खान ने यह भी कहा कि कुछ लोग उन्हें "पुराना ख्यालों वाली" कह सकते हैं, लेकिन उनके मुताबिक आधुनिकता कपड़ों या लाइफस्टाइल से नहीं, बल्कि सोच, समझ और मूल्यों से आती है। उन्होंने साफ़ कहा कि "बोल्ड कपड़े पहनना या ऐसे शो करना आधुनिकता नहीं है।"
"भड़कीले शो से क्या हासिल होगा?"
उन्होंने शो के भव्य सेटअप और कंटेंट को "फुहड़" बताया और कहा कि ऐसा शो बनाकर हम समाज में क्या संदेश दे रहे हैं? उन्होंने तंज कसते हुए पूछा: "इतने आलीशान बंगले में ये लोग क्या करेंगे? किताबें पढ़ेंगे?"
मिशी खान ने यह भी कहा कि आयशा ओमर की उम्र (43 साल) में इस तरह के शो करना "हैरान करने वाला" है। उन्होंने शो के प्रोमो में आयशा को लंबे गाउन पहनकर नाव पर चलते हुए दिखाने को "बेमतलब" करार दिया।
मिशी खान की यह प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है। जहां कुछ लोग उनकी बातों से सहमत हैं, वहीं कुछ ने उन्हें "रूढ़िवादी" करार दिया है। यह बहस यह सवाल उठाती है कि क्या वाकई हमें विदेशी शो की नकल करनी चाहिए या अपनी संस्कृति और मूल्यों को ध्यान में रखते हुए नया कंटेंट बनाना चाहिए?


Click it and Unblock the Notifications