'मैं बहुत शर्मीला हूं'

मिलिंद सोमन की नक्षत्र शुक्रवार को रिलीज़ हुई
16 दिसंबर, रूल्स प्यार का सुपरहिट फॉर्मूला और भेजा फ़्राई जैसी फ़िल्मों में काम कर चुके अभिनेता मिलिंद सोमन कहते हैं कि अभिनय उनका जुनून नहीं हैं.
बीबीसी से ख़ास बात करते हुए मिलिंद ने कहा, "अभिनय करना मुझे अच्छा लगता है, लेकिन मुझे हमेशा से कैमरे के पीछे रहकर काम करने में ज़्यादा मज़ा आता है. शायद लोगों को लगता है कि मैं देखने में अच्छा हूं, तो मुझे फ़िल्में ऑफ़र की जाती हैं."
मिलिंद की मुख्य भूमिका वाली फ़िल्म 'नक्षत्र' शुक्रवार को रिलीज़ हुई है. फ़िल्म के बारे में मिलिंद कहते हैं, "ये एक एक्शन थ्रिलर है. इसमें प्रेम कहानी को भी बड़े ही अलग तरीके से फ़िल्माया गया है. इसमें मैं पुलिस अफ़सर की भूमिका में हूं."
फ़िल्म की शूटिंग के दौरान एक स्टंट करते हुए मिलिंद घायल भी हो गए थे. 'नक्षत्र' में अनुपम ख़ेर का भी अहम रोल है, जिनकी तारीफ़ करते मिलिंद थकते नहीं. वो कहते हैं, "अनुपम जी, ज़बरदस्त अभिनेता हैं. उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला. वो बिना किसी प्रयास के बेहतरीन शॉट दे जाते हैं."
अपने अब तक के फ़िल्मी करियर के बारे में मिलिंद का कहना है, "मैंने पहले से नहीं सोचा था कि फ़िल्मों में करियर बनाऊंगा, ना ही ऐसा मैंने मॉडलिंग के बारे में सोचा था. तो जो है, जैसा है अब तक ठीक ही है. मेरे हिसाब से स्टारडम के पीछे भागना नहीं चाहिए."


Click it and Unblock the Notifications