अब क्रिकेट को समर्पित एलबम

संगीत के इतिहास में क्रिकेट के ऊपर कई गाने लिखे गए हों, ऐसा नहीं है. भारत में तो कई लोग इसे धर्म के समान दर्जा देते हैं फिर भी बॉलीवुड या इंडी पॉप में इस लोकप्रिय खेल पर ज़्यादा गाने नहीं बने हैं.
अब युनाइटेड किंगडम के उत्तरी आयरलैंड के दो संगीतकारों ने एक ऐसा एलबम निकाला है जो क्रिकेट को समर्पित है.
ये दो संगीतकार हैं 'दि डिवाइन कॉमेडी' बैंड के नील हैनन और उनके साथी 'पगवॉग' के थॉमस वॉल्श.
इन दोनों ने जब जाना कि दोनों ही क्रिकेट प्रेमी हैं तो इन्होंने मिलकर ये एल्बम बनाने की सोची.
इनके नए एल्बम का नाम है 'द डकवर्थ लूईस मेथड' जो कि क्रिकेट का एक जाना-माना जुमला और नियम भी है.
क्रिकेट के एतिहासिक खेल को समर्पित इस एल्बम को तब रिलीज़ किया गया है जब क्रिकेट का महासंग्राम कहे जाने वाली एशेज़ सिरीज़ इंग्लैंड में खेली जा रही है.
इस एल्बम में क्रिकेट के इतिहास और टेस्ट क्रिकेट जैसे मुद्दे उजागर किए गए हैं.
दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तानी क्रिकेट खिलाड़ी जावेद मियांदाद के ऊपर भी गाना लिखा गया है और संगीतकारों ने उनसे मिलने की ख़्वाहिश भी जताई है.
एल्बम के सभी गाने हल्के-फुल्के और मज़ाक भरे अंदाज़ में लिखे गए हैं.


Click it and Unblock the Notifications