'आजा नचले' का एक पूरा शो बुक किया एम. एफ. हुसैन ने
माधुरी दीक्षित के दीवाने और मशहूर पेंटर एम. एफ. हुसैन ने अपनी पसंदीदा अदाकारा की लंबे समय बाद बड़े परदे पर हो रही वापसी का स्वागत करने के लिए उनकी फिल्म 'आजा नचले' का एक पूरा शो बुक कर लिया है.
हुसैन इस शो के लिए विशेष मेहमानों को आमंत्नित करेंगे और उनके मेहमानों को फिल्म के टिकट पर हुसैन के ऑटोग्राफ के साथ माधुरी का फोटो भी तोहफे में मिलेगा. फिल्म संयुक्त अरब अमीरात में गुरुवार को रिलीज हो रही है.
हुसैन ने माधुरी की तारीफ करते हुए कहा कि वह भारतीय सौंदर्य और नारीत्व की प्रतीक हैं. मैं चाहता हूं कि अन्य लोग भी मेरे साथ फिल्म का मजा लें. यह न केवल माधुरी की सुंदरता बल्कि एक कलाकार के रूप में उनकी प्रतिभा सम्मान है. खलीज टाइम्स ने हुसैन के हवाले से प्रकाशित रिपोर्ट में बताया कि सिनेमा हॉल में माधुरी की हिट फिल्मों पर आधारित हुसैन की पेंटिग्स की एग्जिबिशन भी होगी.
हुसैन का दावा है कि उन्होंने माधुरी की बडी हिट रही 'हम आपके हैं कौन' को 67 बार देखा है. उन्होंने 'आजा नचले' के लिए लैम्सी सिनेमा में दोपहर के शो की सभी 194 सीटें बुक की हैं.


Click it and Unblock the Notifications