मस्ती के तीसरे संस्करण की योजना?
'ग्रैंड मस्ती' में नजर आईं सोनाली कुलकर्णी ने इस बात की ओर इशारा किया है कि फिल्म के निर्माता पहले से ही इस श्रृंखला की तीसरी फिल्म बनाने की योजना बना रहे हैं।
सोनाली ने शनिवार को यहां ग्लोबोली इंडिया अवार्ड्स के दौरान कहा, "दर्शकों द्वारा फिल्म के अगले भाग के लिए पूछना फिल्मकार की सबसे अच्छी प्रशंसा है। मुझे यकीन है कि फिल्मकार इसे सुन रहे हैं। निश्चित रूप से तीसरा भाग बनाने की प्रक्रिया शुरू होनी चाहिए।"

क्या वह तीसरे भाग का हिस्सा होंगी? इस पर सोनाली कहती हैं, "पता नहीं! यह कहना जल्दीबाजी होगी। इसकी पटकथा शुरू नहीं हुई है और अभी वे इस बारे में सिर्फ सोच रहे हैं क्योंकि दर्शकों को इसका दूसरा भाग अच्छा लगा है। इसलिए इसके बारे में बात करना जल्दीबाजी होगी।"
अपनी पहली फिल्म को सफल बनाने के लिए सोनाली ने दर्शकों का शुक्रिया अदा किया।
उन्होंने कहा, "आप सभी का शुक्रिया है। आप सभी के बिना फिल्म सफल नहीं हो सकती थी। सभी दर्शकों और फिल्म को थियेटर में दो से तीन बार देखने वाले दर्शकों का शुक्रिया।"
इंद्र कुमार निर्देशित 'ग्रांड मस्ती' 2004 में आई 'मस्ती' का अगला भाग है। फिल्म में रितेश देशमुख, आफताब शिवदासानी और विवेक ओबेरॉय ने अभिनय किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











