रानी की मर्दानी- बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट
रानी मुखर्जी की मर्दानी ने बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास नहीं लेकिन एक अच्छी शुरुआत की। पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर 3.5 करोड़ की कमाई करके रानी मुखर्जी ने ये तो साबित कर दिया कि वो फिल्म को अपने दम पर भी बॉक्स ऑफिस पर टिकाए रख सकती हैं। हालांकि 1500 स्क्रीन्स पर रिलीज होने के बावजूद फिल्म ने सिर्फ 3.5 करोड़ का कलेक्शन किया ये थोड़ा सा निराशाजनक था।
लेकिन दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर मर्दानी ने अच्छी पकड़ बनाते हुए करीब 4.7 करोड़ की कमाई की। रविवार को फिल्म के और अच्छे कलेक्शन होने की उम्मीद की जा रही थी। और उम्मीद पर खरा उतरते हुए मर्दानी ने रविवार को 5-6 करोड़ के करीब की कमाई की। कुल मिलाकर अभी तक मर्दानी का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन तीन दिनों में 13 करोड़ पार कर चुका है। उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनो में मर्दानी अपने बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में बढ़ोतरी करेगी।
मर्दानी एक पुलिस इंस्पेक्टर शिवानी शिवाजी रॉय के किरदार पर आधारित है। फिल्म में रानी मुखर्जी ने ये किरदार निभाया है। मर्दानी में उस घटना का उल्लेख है जिसमें मुंबई की एक महिला पुलिस ने करीब 2500 नाबालिग लड़कियों को सेक्स रैकेट चला रहे गिरोह से मुक्त कराया था। रानी मुखर्जी ने फिल्म में बेहतरीन काम किया है और उनके अनुसार हमारे देश की हर एक महिला को अपने खिलाफ होने वाले अत्याचार के विरुद्ध डटकर खड़ा होने चाहिए।


Click it and Unblock the Notifications