शाहरुख को इस बार नहीं बख्शेंगे मनोज कुमार
बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान इस बार बहुत बड़ी मुसीबत में फंस गये हैं और उन्हें मुसीबत में डालने वाला और कोई नहीं बल्कि बॉलीवुड के पैट्रिओटिक एक्टर कहे जाने वाले एक्टर मनोज कुमार हैं। खबर है कि मनोज कुमार ने शाहरुख खान की प्रोडक्शन कंपनी रेड चिली पर केस किया है वो भी पूरे 100 करोड़ रुपये का। खबर के अनुसार शाहरुख खान की फिल्म ओम शांति ओम जो कि हाल ही में जापान में रिलीज हुई है में से वो सीन नहीं हटाए गये हैं जिनमें शाहरुख खान और श्रेयस तलपड़े ने मनोज कुमार का एक बहुत ही फेमस और जाना पहचाना एक्शन किया था और उनका मजा़क उड़ाया था। मनोज कुमार ने कहा है कि शाहरुख खान ने उनका तो मज़ाक उड़ाया ही है साथ ही उन्होंने कंटेम्ट ऑफ कोर्ट भी किया है क्योंकि जब फिल्म के रिलीज के समय मनोज कुमार ने इस बात को लेकर केस किया था तब शाहरुख खान ने खुद मनोज कुमार से मिलकर इस बारे में बात की थी और उन्हें कहा था कि फिल्म से वो सभी सीन डिलीट कर दिये जाएंगे। लेकिन अब जब ओम शांति ओम को दोबारा से जापान में रिलीज किया गया है तो एक बार फिर से उन्हीं सीन के साथ ही रिलीज किया गया है।
मनोज कुमार ने कहा कि उन्हें इस बात से बेहद दुख हुआ है कि उनसे वादा करने के बावजूद उन सीन्स को बिना काटे फिल्म को रिलीज कर दिया गया। मनोज कुमार का कहना ये भी है कि उनके पास इस बात के सबूत भी हैं कि फिल्म में वो सीन्स अभी भी हैं। मनोज कुमार ने कहा "मैं बहुत निराश हूं। मेरे रिश्तेदार इस मामले को अब देख रहे हैं। उनका मानना है कि मैं इस मामले में बहुत ढिलाई से पेश आ रहा हूं इसलिए अब वो खुद इस मामले को देखेंगे। मेरे पास अब इस मामले से जुडे़ सारे सबूत भी हैं। उन्होंने सिर्फ मेरा अपमान ही नहीं किया बल्कि कोर्ट का भी अपमान किया है। कोर्ट ने उस समय उन्हें आदेश दिया था कि फिल्म से जुड़े सभी प्रिंट मटीरियल में से उन सीन्स को डिलीट कर दिया जाए। पिछले बार मैंने उन्हें माफ कर दिया था लेकिन इस बार मैं उन्हें नहीं छोड़ूंगा।"

दूसरी तरफ फिल्म की निर्देशक फराह खान जो कि हाल ही में जापान अपनी फिल्म ओम शांति ओम की स्क्रीनिंग पर गयी थीं का कहना है कि उन्हें नहीं पता कि फिल्म में वो सीन्स हैं या नहीं। फराह ने कहा "मैं फिल्म के प्रीमियर पर जापान में थी। लेकिन मुझे सच में नहीं पता कि ये सीन्स उसमें थे। हमने छह साल पहले ही उन सीन्स को डिलीट कर दिया था। अगर अगर कुछ पुराने प्रिंट को बाहर भेजा गया तो मैं उसके लिेए जिम्मेदार नहीं हूं। मनोज जी और मैं बहुत अच्छे दोस्त हैं। और मुझे पूरा यकीन है कि मनोज जी को बहुत खुशी हो रही होगी कि फिल्म को जापान में इतना अच्छा रिस्पांस मिल रहा है।"


Click it and Unblock the Notifications