बड़े पर्दे पर मनीषा की वापसी

एक लंबे अंतराल के बाद अभिनेत्री मनीषा कोइराला बड़े पर्दे पर फिर नज़र आएँगी. उनकी फ़िल्म एक सैकेंड जो ज़िंदगी बदल दे 11 जून को रिलीज़ हो रही है.
फ़िल्म के निर्देशक पार्थो घोष के साथ मनीषा ने अग्निसाक्षी और युगपुरुष जैसी फिल्मों में काम किया है. मनीषा कहती हैं की यही वजह है की जब पार्थो ने उन्हें इस फ़िल्म में काम करने का प्रस्ताव दिया तो वो मना नहीं कर पाईं.
इस फ़िल्म की रिलीज़ में कुछ देरी हुई है. मनीषा कहती हैं कि बहुत दुःख होता जब इतनी मेहनत, पैसा और समय लगाकर फिल्में बनाई जाती हैं और किसी कारण वो रिलीज़ नहीं होती या उनकी रिलीज़ में देरी होती है. मनीषा उम्मीद करती हैं की उनकी ये फ़िल्म दर्शकों को पसंद आए.
जब मनीषा से पूछा गया कि क्या हिंदी फिल्मों से दूरी बनाए रखने की कोई ख़ास वजह है जबकि वो कई साउथ इंडियन फिल्में कर रही हैं? इस पर मनीषा का कहना है, "ऐसा नहीं है, भाषा से ज़्यादा मेरे लिए फिल्म की कहानी मायने रखती है. और जिन साउथ इंडियन फिल्मों में मैने काम किया है उन सभी की पटकथा और निर्देशक दोनों ही बहुत अच्छे थे."
मनीषा इस वक़्त सिर्फ़ अपनी फिल्म को लेकर ही उत्साहित नहीं हैं. बल्कि कुछ और भी है जिसकी वजह से वो बेहद खुश हैं. मनीषा इस महीने की 19 तारीख़ को शादी करने जा रही हैं. मनीषा की शादी उनके देश नेपाल में होगी. वे कहती हैं की बॉलीवुड से उनके करीबी दोस्त शादी में हिस्सा लेंगे और बाद में वो मुंबई में भी अपनी शादी के जश्न स्वरुप एक पार्टी करेंगी.
तो क्या शादी के बाद मनीषा फिल्मों में वापसी करेंगी? जी हाँ, मनीषा कहती हैं कि वो फिल्मों से बेहद प्यार करती हैं और उन्हें अच्छा काम करना पसंद है. इसलिए वो शादी के बाद भी फिल्मों में काम करती रहेंगी.


Click it and Unblock the Notifications