अपने ठीक होने की खबर सुनकर रो पड़ीं मनीषा
बॉलीवुड अभिनेत्री मनीषा कोईराला ने कहा कि वह कैंसर से पूरी तरह मुक्त हो चुकी हैं, और अब वह बिल्कुल स्वस्थ हैं। ऐसा लग रहा है जैसे उनका नया जन्म हुआ है। कुछ महीने पहले कैंसर की बीमारी का पता चलने के बाद से मनीषा न्यूयार्क के अस्पताल में कैंसर का इलाज करवा रही थीं। मनीषा की बीमारी में उनका साथ देने के लिए उनके दोस्त गोविंदा और सलमान खान भी आगे आए थे। दोनों ने मिलकर मनीषा को ढ़ेर सारी शुभकामनाएं दीं और दुआ की थी कि वो जल्दी ठीक हो जाए।
बुधवार को डॉक्टर से ठीक होने की खुशखबरी मिलने के बाद अपने फेसबुक पेज पर 42 वर्षीया मनीषा ने अपनी खुशी साझा की। उन्होंने लिखा, "मेरी आंखों में यह सुनकर आंसू आ गए कि अब मैं पूरी तरह ठीक हूं। अभी मुझे पहले की तरह स्वस्थ होने में समय लगेगा। आपकी दुआओं से अब जब मैं ठीक हो चुकी हूं तो वह दिन भी जल्द ही आएगा, जब मैं पहले की तरह स्वस्थ हो जाऊंगी।"
पिछले साल नवम्बर महीने में तबियत खराब होने की वजह से मनीषा को मुम्बई के जसलोक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गर्भाशय में कैंसर का पता चलने के बाद वह इलाज के लिए अमेरिका गईं। मनीषा ने 1991 में फिल्म 'सौदागर' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद 'दिल से' और '1947 : ए लव स्टोरी' जैसी सफलतम फिल्मों में काम किया। उनकी हालिया फिल्म राम गोपाल वर्मा की 'भूत रिटर्न्स' थी।


Click it and Unblock the Notifications
