90s की टॉप हसीना, शाहरुख-सलमान संग किया काम, फिर अंडरवर्ल्ड के जाल में फंसी... हुईं फरार और अब हुआ ऐसा हाल
Mamta Kulkarni Controversy: 90 के दशक में ऐसी कई हसीनाएं सामने आई थीं, जिन्होंने अपने हुनर और हुस्न से बॉलीवुड को हिला डाला था। आज हम ऐसी ही एक हसीन अदाकारा के बारे में बात करेंगे जिसकी खूबसूरती को लेकर अंडरवर्ल्ड की दुनिया में भी हलचल मच गई थी और अंडरवर्ल्ड से नाम जुड़ना ही उसके करियर को ले डूबा।

बॉलीवुड में कई हिट फिल्में और मशहूर डांस नंबर देने वाली यह एक्ट्रेस कभी इंडस्ट्री की टॉप एक्ट्रेसेस में गिनी जाती थीं। उन्होंने सलमान खान, शाहरुख खान और गोविंदा जैसे बड़े सुपरस्टार्स के साथ फिल्मों में काम किया। अपनी खूबसूरती और स्टाइल से लोगों को दीवाना बनाने वाली यह एक्ट्रेस लंबे समय तक फिल्मी दुनिया से गायब रहीं। हम बात कर रहे हैं अपने जमाने की मशहूर अदाकारा ममता कुलकर्णी की।
ममता का करियर
ममता कुलकर्णी ने साल 1992 में फिल्म 'तिरंगा' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने 'वक्त हमारा है', 'क्रांतिवीर', 'करण अर्जुन', 'सबसे बड़ा खिलाड़ी' और 'बाजी' जैसी कई सक्सेसफुल फिल्मों में काम किया। करियर के अच्छे दौर में होने के बावजूद उन्होंने अचानक फिल्मों से दूरी बना ली, जिससे लोग हैरान रह गए।
अंडरवर्ल्ड से रिश्तों के लगे आरोप
फिल्म इंडस्ट्री छोड़ने के बाद ममता कुलकर्णी का नाम कई विवादों से जुड़ गया। ममता कुलकर्णी पर आरोप लगा कि वो 2000 करोड़ रुपये के ड्रग तस्करी में शामिल हैं और साथ ही ड्रग माफिया विक्की गोस्वामी से उनके अफेयर की भी चर्चा होने लगी थी। इन अफवाहों के बाद ममता कुलकर्णी ने देश छोड़ने का फैसला किया।
साल 2016 में ममता कुलकर्णी का नाम उस वक्त खबरों में आया, जब विक्की गोस्वामी के ठिकानों पर छापेमारी हुई और ड्रग तस्करी से जुड़ी इन्फॉर्मेशन सामने आई। इस केस में ममता का नाम भी लिया गया। हालांकि, उन्होंने बाद में यह जरूर माना कि विक्की गोस्वामी से उनका रिश्ता था और वह उनसे प्यार करती थीं।
टीवी शो आप की अदालत में उनसे पूछा गया था कि क्या उन्होंने 2013 में दुबई में ड्रग माफिया विक्की गोस्वामी से शादी की थी। इस पर ममता ने साफ कहा कि ड्रग्स के मामलों से उनका कोई लेना-देना नहीं है और उन्हें गलत तरीके से फंसाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि उनका अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से कोई लेना-देना नहीं रहा।
बॉलीवुड और भारत छोड़ने का फैसला क्यों लिया?
जब ममता कुलकर्णी से पूछा गया कि उन्होंने अचानक बॉलीवुड और भारत क्यों छोड़ दिया, तो उन्होंने कहा कि उन्हें लगने लगा था कि फिल्म इंडस्ट्री सिर्फ दिखावे और भ्रम की दुनिया है। उनके मुताबिक, ग्लैमर और चमक-दमक के पीछे भागना अब उन्हें सही नहीं लग रहा था। इसी सोच के चलते उन्होंने सब कुछ छोड़कर एक अलग रास्ता चुन लिया।
24 साल बाद लौटीं देश
करीब 24 साल बाद जब वह भारत लौटीं, तो उनकी जिंदगी पूरी तरह बदली हुई थी। महाकुंभ 2025 में उन्हें किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर बनाया गया। कभी ग्लैमर और चकाचौंध में रहने वाली ममता कुलकर्णी ने अब संन्यास ले लिया है और सादा, आध्यात्मिक जीवन जी रही हैं।
आज ममता कुलकर्णी फिल्मी दुनिया से दूर, आध्यात्मिक जीवन अपना चुकी हैं और साधारण तरीके से अपनी जिंदगी जी रही हैं।


Click it and Unblock the Notifications













